img

Up kiran,Digital Desk : कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही अटकलों पर फिलहाल विराम लगा दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस विषय पर चर्चा 2026 में होगी। साथ ही उन्होंने भरोसा जताया कि कांग्रेस न सिर्फ मौजूदा कार्यकाल पूरा करेगी, बल्कि 2028 के विधानसभा चुनाव जीतकर दोबारा सत्ता में लौटेगी। शिवकुमार के मुताबिक, कुल मिलाकर राज्य में साढ़े सात साल तक कांग्रेस सरकार चलेगी।

नए साल के संकल्प पर क्या बोले डीके?

मंगलवार को मीडिया से बातचीत में नए साल के संकल्प पर शिवकुमार ने कहा कि उनका लक्ष्य लोगों को खुश रखना, समृद्ध और मजबूत प्रशासन देना है। उन्होंने कहा कि इस साल अच्छी बारिश और फसल हुई है और उम्मीद है कि आने वाला साल भी किसानों के लिए शुभ रहेगा। नदियां और तालाब भरे रहें, यही उनकी कामना है।

जब उनसे पूछा गया कि क्या 2026 में प्रशासन उनके नेतृत्व में होगा, तो उन्होंने जवाब दिया कि कांग्रेस की सरकार चलती रहेगी—पहले मौजूदा सरकार का शेष कार्यकाल, फिर 2028 में जीतकर नई सरकार।

नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों पर प्रतिक्रिया

कांग्रेस विधायक इकबाल हुसैन के उस बयान पर—जिसमें उन्होंने नए साल में शिवकुमार के मुख्यमंत्री बनने की “200% संभावना” बताई थी—डीके ने मुस्कुराते हुए कहा कि ऐसे बयानों को गंभीरता से न लिया जाए। उनके अनुसार, विधायक अपने क्षेत्रीय दबावों के कारण ऐसी बातें कर सकते हैं।

केरल और भाजपा पर टिप्पणी

शिवकुमार ने केरल भाजपा अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर पर उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश करने का आरोप लगाया। उन्होंने साफ किया कि उनका आशय कर्नाटक के प्रशासन में केरल सरकार के दखल से था, न कि केरल के लोगों से।
उन्होंने यह भी बताया कि वे केरल विधानसभा चुनाव के प्रचार के लिए वहां जाएंगे और भरोसा जताया कि वहां कांग्रेस की सरकार बनेगी। अंत में उन्होंने भाजपा से भ्रम फैलाने की राजनीति से बचने की अपील की।