img

Punjab Weather Update: पंजाब में पिछले 24 घंटों में हुई बारिश के बाद पारे में गिरावट आई है। मौसम विभाग के मुताबिक, बीते 24 घंटों में औसत अधिकतम तापमान में 4.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। हालांकि, यह राज्य में सामान्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस कम है। राज्य में सबसे अधिक तापमान बठिंडा में 25.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार से 25 फरवरी तक मौसम शुष्क रहेगा। 26 फरवरी से मौसम फिर बदलेगा। इसके साथ ही मौसम विभाग की ओर से आज कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। जिसके बाद आज तापमान में मामूली बढ़ोतरी होने की संभावना है।

बीती सुबह तेज आंधी और बारिश के साथ मौसम में आए बदलाव के बाद लोगों ने एक बार फिर ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़े निकाल लिए हैं। गुरुवार को सुबह चार बजे से दो घंटे तक रुक-रुककर हुई बारिश से ठंड बढ़ गई और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने पहले ही बारिश और तूफान की संभावना जताई थी, जो सही साबित हुई।

दूसरी ओर मौसम में अचानक आए बदलाव के कारण वायरल संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। डॉक्टरों के अनुसार ठंड और उमस के कारण वायरस अधिक सक्रिय हो जाते हैं, जिसके कारण खांसी, जुकाम और बुखार के मामले बढ़ने लगे हैं।