img

Up Kiran, Digital Desk: यूपी के मूंढापांडे थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात पुलिस टीम गोकशी के आरोपी माजिद अली उर्फ अल्लामेहर को पकड़ने पहुंची। लेकिन आरोपी के परिवार की महिलाओं ने पुलिस पर हमला बोल दिया। महिलाओं ने पुलिसकर्मियों से मारपीट की और पत्थरबाजी शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि इसी दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग भी की। इस हमले में सिपाही संजीत कुमार घायल हो गए जबकि कई अन्य पुलिसकर्मी पत्थर लगने से चोटिल हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के थानों की पुलिस फोर्स और अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी माजिद अली को तमंचे के साथ गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में पुलिस ने सात नामजद और करीब 25-30 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। साथ ही चार महिलाओं को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।

माजिद अली मूंढापांडे थाना क्षेत्र के खानपुर लक्खी गांव का निवासी है और मीट की दुकान चलाता है। आरोप है कि वह मीट की बिक्री के लाइसेंस का गलत फायदा उठाकर गोकशी कर बीफ बेचता था। कुछ दिन पहले गोकशी के अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी में उसका नाम सामने आया था। जिसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।

एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि शुक्रवार रात एसएचओ मोहित चौधरी की टीम ने आरोपी के घर दबिश दी। पुलिस के पहुंचते ही आरोपी की महिलाओं ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को इकट्ठा कर दिया। पुलिस आरोपी को पकड़ने लगी तो महिलाओं ने पुलिस पर हमला कर दिया। पत्थरबाजी और मारपीट के दौरान सिपाही संजीत कुमार घायल हो गए।