img

Up Kiran, Digital Desk: धामी सरकार का अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान निरंतर जारी है। इसके तहत प्रशासन ने देहरादून और उधमसिंह नगर जनपद के गदरपुर में स्थित एक-एक अवैध मजार की संरचना को ध्वस्त कर दिया। प्रशासन के अनुसार यह कदम सार्वजनिक भूमि से अतिक्रमण हटाने के तहत उठाया गया है। कार्रवाई से पहले प्रशासन ने संबंधित स्थल पर नोटिस जारी किया था। धामी सरकार के कार्यकाल में अब तक राज्यभर में 570 अवैध मजारों को हटाया जा चुका है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि उत्तराखंड में सरकारी भूमि पर कब्जे की कोई गुंजाइश नहीं रहेगी। सरकारी भूमि पर कब्जे का सिलसिला समाप्त कर दिया जाएगा।

उधम सिंह नगर के एडीएम पंकज उपाध्याय ने बताया कि जिलाधिकारी नितिन भदौरिया के निर्देश पर एसडीएम ऋचा सिंह द्वारा सरकारी बाग में बने अवैध ढांचे को हटाने के लिए नोटिस भेजी गई थी। सरकारी उद्यान बाग के अधिकारियों ने भी इस संरचना को हटाने का पत्र जिला प्रशासन को भेजा था। दो सप्ताह की समय सीमा के बाद भी संरचना को लेकर कोई जवाब नहीं आया। इसके बाद शनिवार तड़के अवैध संरचना को हटा दिया गया।

उत्तराखंड में धामी सरकार अब तक 570 अवैध मजारों को हटा चुकी है। हाल ही में देहरादून में हरिद्वार रोड पर एक अवैध मजार को दून प्रशासन ने ध्वस्त किया था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, देहरादून नगर मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह और एसडीएम हरि गिरी के नेतृत्व में निगम की टीम ने हरिद्वार रोड स्थित कैलाश हॉस्पिटल के सामने बनी अवैध मजार को शुक्रवार को जेसीबी मशीन से ध्वस्त किया। इसके बाद मलबे को हटा कर संबंधित स्थान से भेज दिया गया। प्रशासन के मुताबिक, संरचना के नीचे किसी प्रकार के मानव अवशेष नहीं मिले।

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि अवैध संरचना हटाने से पहले संबंधित स्थल पर नोटिस चिपकाया गया था। यह कार्रवाई सार्वजनिक मार्ग पर अवरोध हटाने और निर्धारित समय में कोई प्रतिक्रिया न मिलने के बाद नियमों के तहत की गई है।