
POCSO case: चंडीगढ़ में एक दिल दहला देने वाली खौफनाक घटना घटी है। 10 साल की बच्ची से दुष्कर्म की घटना से मौलीजागरां इलाके में माहौल तनावपूर्ण हो गया है। बताया जा रहा है कि एक नशेड़ी ने 10 साल की बच्ची को हवस का शिकार बना लिया।
मासूम से बलात्कार का मामला सामने आया है। शौच के लिए गई 10 वर्षीय बच्ची को आरोपी ने पकड़ लिया, जो पहले से ही शौचालय में छिपा हुआ था।
शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और लड़की को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया, उसकी पिटाई की और फिर पुलिस के हवाले कर दिया।
मौलीजागरां थाना पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की पहचान धनराज के रूप में हुई है, वह मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और मजदूरी करता है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि लड़की अपने माता-पिता के साथ रहती है और मंगलवार को सरकारी शौचालय में शौच के लिए गई थी। उसे नहीं पता था कि आरोपी पहले से ही अंदर छिपा हुआ है।
जैसे ही लड़की अंदर गई आरोपी ने उसे पकड़ लिया। वो नशे में था। लोगों ने बताया कि जब उसे पकड़ा गया तो उसके मुंह से शराब की गंध आ रही थी। लड़की ने खुद को बचाने के लिए जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया। वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति ने जब चीखें सुनीं तो उसने आसपास के लोगों को आवाज लगाई।
डॉक्टरों ने पुष्टि की
घटना के बाद इलाके के डीएसपी विजय सिंह मौके पर पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी ली। क्षेत्र की वीडियोग्राफी की गई और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया। डीएसपी विजय सिंह ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करा लिया गया है। डॉक्टरों ने बलात्कार की पुष्टि कर दी है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मौलीजागरां थाने में धारा 65(2) और पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।