img

Farmer Meeting: न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) और अन्य मांगों को लेकर आंदोलनकारी किसानों और केंद्र के बीच छठी बैठक आज (22 फरवरी) चंडीगढ़ में होगी। बैठक में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रहलाद जोशी और अन्य अधिकारी भी शामिल होंगे। किसानों की ओर से संयुक्त किसान मोर्चा (अराजनैतिक) के प्रधान जगजीत सिंह दल्लेवाल और किसान मजदूर मोर्चा के नेता सरवन सिंह पंधेर के नेतृत्व में 28 किसान नेता पहुंचेंगे।

दल्लेवाल को एंबुलेंस द्वारा खनौरी बॉर्डर से चंडीगढ़ लाया जाएगा। दल्लेवाल 14 फरवरी को हुई बैठक में भी शामिल हुए थे। तब उन्होंने कहा था कि केंद्र के साथ किसानों की बैठक सकारात्मक रही।

किसान नेता सरवन सिंह पंधेर का कहना है कि 25 फरवरी को दिल्ली की ओर कूच करने का कार्यक्रम तय है। यदि हम मैदान पर नहीं हारे तो हम बातचीत में भी नहीं हारेंगे। यदि बातचीत में सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलती है तो परिवर्तन निश्चित है।

शुक्रवार को किसानों ने युवा किसान शुभकरण सिंह की पुण्यतिथि मनाई, जिनकी दिल्ली की ओर मार्च करने की कोशिश करते समय मौत हो गई थी। इस अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए बठिंडा के बल्लो गांव में शुभकरण की प्रतिमा स्थापित की गई। इसके साथ ही शंभू, खनौरी और रतनपुर बॉर्डर पर श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किए गए और यहां कैंडल मार्च भी निकाला गया। इसमें बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया।