img

(एमपी चुनाव)

मध्य प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा और कांग्रेस पूरा जोर लगाए हुए हैं। वहीं अब राज्य में उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव भी प्रचार के मैदान में कूद गए हैं। अखिलेश यादव ने भाजपा और कांग्रेस दोनों पर जमकर हमला बोला। अखिलेश ने कांग्रेस को चालू पार्टी करार दिया। इसके बाद अखिलेश यादव के इस बयान पर भाजपा को मजा आ गया और अखिलेश का यह वीडियो अपने ऑफिशियल एक्स (ट्विटर) पर शेयर कर दिया। 

सपा प्रमुख अखिलेश यादव टीकमगढ़ जिले की जतारा विधानसभा पहुंचे और समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी आरआर बंसल के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। अखिलेश यादव ने आरआर बंसल के पक्ष में जनता से वोट देने की अपील की। वहीं कांग्रेस पर भी हमला किया। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि कांग्रेस ने न तो जातीय जनगणना होने दी और न ही पिछड़ों के आरक्षण के लिए मंडल कमीशन की रिपोर्ट लागू होने दी। जिस रास्ते पर पहले कांग्रेस चल रही थी, अब उसी रास्ते पर भाजपा चल रही है। 

उन्होंने कहा कि 'अगर आपको राशन के नाम पर कुछ नहीं मिल रहा है, तो आप बीजेपी को वोट क्यों देंगे? कांग्रेस को वोट भी न दें, बहुत चालू पार्टी है कांग्रेस। इनसे सावधान रहने की जरूरत है। अगर कांग्रेस हमें धोखा दे सकती है तो आपके साथ क्या नहीं कर सकती, कांग्रेस को भी वोट मत देना। कांग्रेस वोटों के लालच के लिए जातिगत जनगणना की बात करती है। 

अखिलेश ने कहा कि भाजपा सिर्फ लूट पर भरोसा करती है। प्रधानमंत्री एक कार्यक्रम में कह रहे थे कि 13 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला। अगर इतने लोग गरीब रेखा से बाहर हो गए हैं तो यह राशन किसको दे रहे हैं। जब चुनाव आता है तो भाजपा के लोग किसानों, गरीबों और नौजवानों से झूठे वादे करते हैं। 

भाजपा सामाजिक न्याय की दुश्मन है। कई राज्यों में मंडल आयोग की रिपोर्ट के अनुसार पिछड़ों के लिए 27 फीसदी आरक्षण लागू किया गया, लेकिन मध्य प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस की सरकारों ने इसे लागू नहीं किया।गौरतलब है कि मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने भी अपने प्रत्याशियों को मैदान में उतारा है। जिसको लेकर अखिलेश यादव ने रैली की है।इससे पहले अखिलेश ने छत्तरपुर के चंदाला में कहा था कि कांग्रेस ने मध्य प्रदेश में 17 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए 

सपा के साथ गठबंधन करने से इनकार कर दिया था। उन्होंने कहा कि जहां तक गठबंधन का का संबंध है, कांग्रेस ने ही इससे इनकार किया था। मैं कांग्रेस के नेताओं के इंटरव्यू पढ़ रहा था। वे कह रहे थे कि समाजवादी पार्टी सांप्रदायिक पार्टी है। तो ऐसे में कांग्रेस और बीजेपी की भाषा में क्या अंतर है? कांग्रेस भी बीजेपी की ही भाषा बोल रही है।

--Advertisement--