img

tunnel collapse: तेलंगाना में एक टनल ढहने के बाद चल रहे रेस्क्यू अभियान में बड़ी कामयाबी मिली है। टनल में फंसे कुल आठ लोगों में से चार की लोकेशन का पता चल चुका है। हालांकि, अफसरों का कहना है कि उनके जीवित होने की संभावना बहुत कम है।

प्रदेश के आबकारी मंत्री जुपल्ली कृष्ण राव और सिंचाई मंत्री एन उत्तम कुमार रेड्डी ने बचाव अभियान की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि बीते कई दिनों में अहम प्रगति हुई है और रविवार शाम तक लोगों को बाहर निकालने की उम्मीद है।

मीडिया से चर्चा में कृष्ण राव ने कहा कि मेरे समझ से रडार के जरिए चार लोगों की लोकेशन का पता चला है। हालांकि, हमने पहले ही कहा था कि उनके बचने की संभावना बहुत कम है। यही चिंता की बात है।

ऐसे मिली फंसे लोगों की जानकारी

राष्ट्रीय भूभौतिकीय अनुसंधान संस्थान (NGRI) के वैज्ञानिकों ने ग्राउंड पेनेट्रेटिंग रडार (GPR) technology का इस्तेमाल किया। इसी से चार लोगों की स्थिति का पता चला। फिलहाल उनके पास तक पहुंचने के लिए हाथ से गाद (मिट्टी और मलबा) हटाने का काम चल रहा है, जो रविवार शाम तक पूरा होने की उम्मीद है।

रडार से मिले संकेतों के मुताबिक, अन्य चार लोग टनल बोरिंग मशीन के नीचे दबे हो सकते हैं। उनके ठिकाने की पुष्टि करने और उन्हें निकालने में ज्यादा वक्त लग सकता है।