img

Railway App: रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। रेल मंत्रालय ने एक नया सुपर ऐप लॉन्च किया है। इस ऐप का नाम स्वारेल है। इस ऐप पर यात्री रेलवे द्वारा दी जाने वाली सभी सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे। भारतीय रेलवे के इस नए सुपर ऐप को रेलवे सूचना प्रणाली केंद्र (CRIS) द्वारा बनाया गया है। यह ऐप फिलहाल प्ले स्टोर पर बीटा वर्जन में उपलब्ध है।

यात्रियों को मिलेगी राहत

रेलवे का ये सुपर ऐप वर्तमान में विभिन्न ऐप के माध्यम से उपलब्ध सभी सेवाएं भी प्रदान करेगा। इस स्वारेल ऐप की मदद से यात्री आरक्षित और अनारक्षित टिकट बुक कर सकेंगे। इसके अलावा प्लेटफॉर्म टिकट, पार्सल बुकिंग और पीएनआर की भी जानकारी मिल सकेगी। इस बीच, इस बारे में अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है कि इस ऐप के बाद मौजूदा IRCTC ऐप को बंद कर दिया जाएगा या फिर ये भी चलता रहेगा।

रेलवे के नए सुपर ऐप स्वारेल के तहत यूजर्स को ट्रैवल असिस्टेंट फीचर भी मिलेगा। जिसमें रेल यात्रियों को सिंगल साइन-ऑन, ऑनबोर्डिंग और कई अन्य सुविधाएं मिलेंगी। इसके अलावा, यहां उपयोगकर्ताओं को अलग-अलग ऐप्स के लिए अलग-अलग लॉगिन आईडी और पासवर्ड याद रखने की जरूरत नहीं है। एक साधारण साइन-इन की मदद से यात्री आसानी से लॉग-इन कर सकेंगे। नये उपयोगकर्ताओं को शुरू में कुछ महत्वपूर्ण जानकारी अपडेट करनी होगी।

सुपर ऐप SwaRail क्या है?

भारतीय रेलवे का सुपर ऐप 'स्वरेल' ऐसा ही एक प्लेटफॉर्म है। यहां यूजर्स को एक ही ऐप में सभी सेवाएं मिलेंगी। वर्तमान में रेलवे सेवाओं के लिए अलग-अलग ऐप हैं, जिन्हें सुपर ऐप की मदद से एक छतरी के नीचे लाना होगा। यह चीन के वीचैट की तरह ही होगा, जहां उपयोगकर्ताओं को एक ही मोबाइल ऐप पर प्लेटफॉर्म की सभी सेवाएं मिलती हैं। इस ऐप में भुगतान सेवाओं, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, वीडियो प्लेटफॉर्म और मूवी टिकट बुकिंग जैसी सेवाओं का अनुभव किया जा सकता है।