Up kiran,Digital Desk : बॉलीवुड के चर्चित अभिनेता गोविंदा शनिवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ स्थित सरकारी आवास पर मिले। इस दौरान उन्होंने सीएम को भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा भेंट की और दोनों के बीच शिष्टाचार भेंट का माहौल रहा।
गोविंदा ने जताया सम्मान
गोविंदा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मुख्यमंत्री उनके लिए बहुत आदरणीय हैं और उनका बहुत सम्मान करते हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर भी अपनी मुलाकात की तस्वीर शेयर की और लिखा, “आदरणीय माननीय मुख्यमंत्री जी के साथ बहुत अच्छा समय बिताने का अवसर मिला। बहुत अच्छा लगा। बहुत-बहुत आभार।”
सीएम योगी ने भी साझा की तस्वीर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी गोविंदा से मुलाकात की झलक अपने सोशल अकाउंट पर साझा की। उन्होंने लिखा, “प्रख्यात फिल्म अभिनेता गोविन्दा जी से आज लखनऊ स्थित सरकारी आवास पर शिष्टाचार भेंट हुई।”
नेटिजन्स ने किए मजेदार कमेंट्स
फैंस ने गोविंदा की इस मुलाकात पर सोशल मीडिया पर उत्साहपूर्ण प्रतिक्रिया दी। एक यूजर ने लिखा, “सीएम नंबर वन के साथ हीरो नंबर-1।” वहीं, कुछ फैंस ने अभिनेता से कमबैक की उम्मीद जताई और कहा, “गोविंदा आप भी अक्षय खन्ना और बॉबी देओल की तरह धमाकेदार कमबैक करो।”




