img

Himani Murder Case: कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल मर्डरकेस में विशेष जांच दल (SIT) को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया, जिसने खुद को हिमानी का प्रेमी बताया और हत्या की बात कबूल की।

सूत्रों के मुताबिक, मुजरिम ने दावा किया कि उसने हिमानी के घर में ही उसकी हत्या की, फिर शव को सूटकेस में भरकर झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस फिलहाल आरोपी के दावों की सत्यता की जांच कर रही है।

हत्या का कबूलनामा और क्या बताया आरोपी ने

आरोपी बहादुरगढ़ का रहने वाला है। उसने हिमानी से लंबे वक्त से रिश्ते में होने का दावा किया। हत्या के पीछे ईर्ष्या और ब्लैकमेलिंग को संभावित वजह बताया जा रहा है। आरोपी के मुताबिक, उसने हिमानी को काफी पैसे दिए थे, मगर वो और अधिक पैसों की मांग कर रही थी। पैसे को लेकर दोनों के बीच बहस हुई, जिसके बाद हत्या की घटना को अंजाम दिया गया।

क्या था पूरा मामला?

22 वर्षीय हिमानी नरवाल कांग्रेस की एक सक्रिय कार्यकर्ता थीं और रोहतक के विजय नगर में रहती थीं। शनिवार को उनका शव एक सूटकेस में बंद मिला। राहगीरों ने झाड़ियों में पड़ा सूटकेस देखा और पुलिस को सूचना दी। शव पर चोट के निशान पाए गए, जिससे हत्या की आशंका पहले ही जताई जा रही थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए हरियाणा पुलिस ने तुरंत SIT का गठन किया और तेजी से जांच शुरू की।

ऐसे पकड़ा गया आरोपी

पुलिस ने इस केस में हिमानी के करीबी लोगों की जांच शुरू की और यह पता किया कि उसने आखिरी बार किससे बात की थी। पुलिस को जल्द ही हिमानी और आरोपी के बीच निरंतर संपर्क होने के सबूत मिले। सभी तकनीकी साक्ष्यों (मोबाइल कॉल रिकॉर्ड, मैसेज, लोकेशन ट्रैकिंग) को खंगालने के बाद आरोपी तक पहुंच बना ली गई। सख्ती से पूछताछ के बाद आरोपी ने हत्या की बात कबूल कर ली।