img

जमशेदपुर के गोलमुरी थाना अंतर्गत खालसा बस्ती में शनिवार की रात युवकों ने एक घर में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की। इस दौरान घर की महिलाओं से मारपीट भी की। युवकों ने दरवाजे के अलावा एसी, एलइडी समेत अन्य सामान क्षतिग्रस्त कर दिया। इस संबंध में इंद्रजीत कौर ने थाने में गोलमुरी टुइलाडुंगरी के करण सिंह, मंगलू समेत अन्य के विरूद्ध शिकायत दर्ज कराई है।

इंद्रजीत कौर के अनुसार उनके घर के सामने गणेश पूजा का आयोजन हो रहा है। शनिवार की रात बेटा प्रिंस सिंह घर लौट रहा था। उसका किसी बात को लेकर करन सिंह से झगड़ा हो गया। फिर उन लोगों ने प्रिंस की पिटाई कर दी और उससे रुपये छीन लिए। बीच बचाव कर मामला ठंडा कराया गया। कुछ देर बाद पुलिस भी पहुंची। इसके बाद सभी वापस लौट गए।

रात करीब 01:00 बजे पुनः करन सिंह, मंगलू समेत उसके साथी हाथ में पिस्तौल लेकर जबरन घर में घुस गए। वे लोग प्रिंस को खोजने लगे। उन्होंने घर के सामानों को तोड़ दिया। बच्चों व महिलाओं से हाथापाई की। सूचना मिलते ही गोलमुरी पुलिस भी पहुंची।

परिजनों के अनुसार घटना के बाद से प्रिंस घर नहीं लौटा है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। इस घटना से पहले सिदगोड़ा सुखिया रोड में प्रिंस के साथी कमल सिंह उर्फ सन्नी की भी घेरकर पिटाई करण सिंह व उसके साथियों ने कर दी थी। सन्नी के हाथ में गंभीर चोट लगी है। इस दौरान फायरिंग करने की भी सूचना है। हालांकि पुलिस ने फायरिंग की घटना नकार दिया है। 

--Advertisement--