img

नई दिल्ली। भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मॉरीशस में अपने समकक्ष प्रविंद जगन्नाथ के साथ अगालेगा द्वीप में छह सामुदायिक विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने नई हवाई पट्टी का भी संयुक्त रूप से लोकार्पण किया। ये परियोजनाएं मॉरीशस की मुख्य भूमि और अगालेगा के बीच बेहतर कनेक्टिविटी का मार्ग प्रशस्त करेंगी। इससे पहले पीएमओ ने एक बयान जारी कर कहा था कि इन परियोजनाओं का उद्घाटन भारत और मॉरीशस के बीच मजबूत और दशकों पुरानी विकास साझेदारी का प्रमाण है।

इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि विगत 10 वर्षों में भारत-मॉरीशस संबंधों को अभूतपूर्व दिशा मिली है। हमने नई ऊंचाइयां हासिल की हैं। पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 6 महीनों में हमारे बीच यह पांचवीं मुलाकात है। यह भारत और मॉरीशस के बीच जीवंत, मजबूत और अनूठी साझेदारी का प्रमाण है। पीएम मोदी ने कहा कि हमारी प्राथमिकताएं और आवश्यकताएं समान हैं। हमने वैज्ञानिक और ऐतिहासिक संबंधों को एक नया रूप दिया है। भारत ने हमेशा मॉरीशस की जरूरतों का सम्मान किया है।

इस दौरान मॉरीशस के प्रधान मंत्री प्रविंद कुमार जगन्नाथ ने कहा कि आज हम अगालेगा द्वीप पर इतिहास बना रहे हैं। यह आयोजन मॉरीशस और भारत के बीच उल्लेखनीय और अनुकरणीय साझेदारी के लिए एक महान क्षण का प्रतीक है। जगन्नाथ ने कहा कि मैं मॉरीशस-भारत संबंधों को नया आयाम देने के लिए प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद देता हूं। भारत की तारीफ़ करते हुए जगन्नाथ ने कहा कि भारत के लोगों और भारतीय प्रवासियों ने खुद को मूल्यों, ज्ञान और सफलता की वैश्विक शक्ति के रूप में स्थापित किया है।

गौरतलब है कि कुछ सप्ताह पहले दोनों नेताओं ने मॉरीशस में यूपीआई और रुपे कार्ड सेवाओं का शुभारंभ किया था। इसके बाद अब इन विकास परियोजनाओं का उद्घाटन इस क्षेत्र में अहमियत रखता है। मॉरीशस दुनिया में लघु भारत के तौर पर जाना जाता है। मॉरीशस में भारत वंसियों की तादाद अधिक है और प्रारंभ से ही देश की सत्ता का सञ्चालन भी भारत वंसियों  का ही हाथ है। 

--Advertisement--