_1113347863.png)
Up Kiran, Digital Desk: राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने अमेरिका में छिपे खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू के खिलाफ एक नया मामला दर्ज किया है। पन्नू ने इस साल 15 अगस्त को दिल्ली के लाल किले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तिरंगा फहराने से रोकने के लिए सिख सैनिकों को 11 करोड़ रुपये का इनाम देने की घोषणा की थी।
यह धमकी एक वीडियो संदेश के ज़रिए वाशिंगटन से दी गई, जिसे पन्नू ने 10 अगस्त को लाहौर प्रेस क्लब में आयोजित "मीट द प्रेस" इवेंट के दौरान साझा किया। उसी दौरान पन्नू ने नकली खालिस्तान का नया नक्शा भी जारी किया, जिसमें पंजाब, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश को शामिल किया गया।
एसएफजे का खतरनाक प्लान
गुरपतवंत सिंह पन्नू, प्रतिबंधित संगठन सिख्स फॉर जस्टिस (SFJ) का महासचिव है। FIR में कहा गया है कि उसने एक "शहीद जत्था" बनाने का दावा किया है, जिसका मकसद भारत के खिलाफ युद्ध छेड़ना है। एजेंसी को मिली वीडियो फुटेज और "विश्वसनीय जानकारी" के आधार पर यह मामला गंभीर साजिश के तहत दर्ज किया गया है।
UAPA और BNS के तहत मामला दर्ज
FIR के मुताबिक, यह केस भारतीय न्याय संहिता (BNS) और गैरकानूनी गतिविधियाँ (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) की कई धाराओं के तहत दर्ज हुआ है। इसमें पन्नू के साथ अन्य अज्ञात व्यक्तियों को भी आरोपी बनाया गया है।
गृह मंत्रालय की सीधी निगरानी
गृह मंत्रालय ने इस मामले को गंभीर मानते हुए NIA को इसकी जांच सौंपी है। मंत्रालय के अनुसार, पन्नू की गतिविधियाँ सीधे भारत की संप्रभुता, सुरक्षा और अखंडता को चुनौती देती हैं। लाहौर प्रेस क्लब में हुए इवेंट में पन्नू ने कहा कि खालिस्तान की मांग को और तेज किया जाएगा और भारत सरकार के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा।