img

राजस्थान में हुए सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड में एक लेडी डॉन का नाम भी उजागर हुआ है। जयपुर पुलिस ने गोगामेड़ी हत्याकांड के आरोप में पूजा सैनी को अरेस्ट किया है। पूजा सैनी मूल रूप से कोटा की निवासी है। उसका पति महेंद्र कुमार मेघवाल उर्फ समीर कोटा का हिस्ट्रीशीटर है। उसके विरूद्ध मारपीट, कत्ल की कोशिश और अवैध हथियार तस्करी के दो दर्जन से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं।

बीते डेढ़ साल से पूजा और महेंद्र जयपुर के जगतपुरा में फ्लैट किराए पर लेकर रह रहे थे। अडिशनल पुलिस कमिश्नर कैलाश बिश्नोई ने बताया है कि पूजा सैनी पूजा बत्रा के नाम से जयपुर में रहती थी। सुखदेव सिंह गोगामेड़ी के हत्यारे नितिन 28 नवंबर को दिल्ली से राजधानी जयपुर आया था।

राजधानी जयपुर में प्रतापनगर चौपाटी तक पहुंचने के बाद महेंद्र मेघवाल उर्फ समीर और उसकी पत्नी पूजा सैनी ने नितिन को अपनी कार में बैठाया और अपने फ्लैट पर ले गए। नितिन फौजी सात दिन तक प्रताप नगर वाले पूजा सैनी के फ्लैट में रुका था। पूजा और महेंद्र मेघवाल ने ही नितिन फौजी को हथियार मुहैया कराए थे।

आपको बता दें कि 28 नवंबर से लेकर पांच दिसंबर तक नितिन फौजी, महेंद्र और पूजा के साथ फ्लैट में रहा। महेंद्र अवैध हथियारों का बड़ा तस्कर है और लॉरेंस बिश्नोई गैंग के लिए कार्य करता है। रोहित गोदारा और वीरेंद्र चारण के सीधे संपर्क में था। सात दिन ठहरने के बाद महेंद्र ने अपने मोबाइल से रोहित गोदारा और वीरेंद्र चारण से नितिन फौजी की कई बार बात करवाई थी। पांच दिसंबर की सवेरे महेंद्र और पूजा ने नितिन फौजी को दो पिस्टल और दो मैगजीन दी। 

--Advertisement--