लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक सदस्य रहे और अयोध्या आंदोलन का नेतृत्व करने वाले लालकृष्ण आडवाणी देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से अलंकृत किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसकी घोषणा एक्स पर पोस्ट कर की। पीएम मोदी ने कहा कि 'भारत के विकास में उनका योगदान स्मरणीय है। उनका जीवन जमीनी स्तर पर काम करने से शुरू होकर देश के उप-प्रधानमंत्री के तौर पर काम करते हुए चला'।
लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न दिए जाने की घोषणा करते हुए पीएम मोदी ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट किया 'मैं यह साझा कर के काफी खुश हूं कि श्री लालकृष्ण आडवाणी जी को भारत रत्न से सम्मानित किया जाएगा। मैंने उनसे बात की और उन्हें इस सम्मान को दिए जाने पर बधाई दी। वह हमारे समय के सबसे बड़े और सम्मानित जननेता रहे हैं। भारत के विकास में उनका योगदान स्मरणीय है। उनका जीवन जमीनी स्तर पर काम करने से शुरू होकर देश के उप-प्रधानमंत्री के तौर पर काम करते हुए चला। उन्होंने गृह मंत्री और सूचना-प्रसारण मंत्री के तौर पर काम करते हुए भी खुद को दूसरों से अलग किया। उनके संसदीय हस्तक्षेप हमेशा अनुकरणीय रहे हैं और समृद्ध अंतर्दृष्टि से भरे रहे हैं।'
उल्लेखनीय है कि लाल कृष्ण आडवाणी का जन्म पाकिस्तान के कराची में 8 नवंबर, 1927 को एक हिंदू सिंधी परिवार में हुआ था। उनके पिता का नाम किशनचंद आडवाणी और मां का नाम ज्ञानी देवी है। उनके पिता पेशे से एक उद्यमी थे। उनकी प्रारंभिक शिक्षा कराची के सेंट पैट्रिक हाई स्कूल में हुई। विभाजन के समय उनका परिवार पाकिस्तान छोड़कर मुंबई आकर बस गया। यहां पर उन्होंने बॉम्बे यूनिवर्सिटी से कानून की पढ़ाई की। आडवाणी की पत्नी का नाम कमला आडवाणी है। उनके एक बेटा जयंत आडवाणी और एक बेटी प्रतिभा आडवाणी है।
भारतीय जनता पार्टी के उभार और उसे केंद्र व कई राज्यों में सत्तासीन करने में आडवाणी की अहम भूमिका रही। उनके नेतृत्व में सोमनाथ से अयोध्या के लिए निकली रथयात्रा ने उन्हें अयोध्या आंदोलन का नायक बना दिया। आडवाणी ने राजनीतिक करियर की शुरुआत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में शामिल होकर की थी। साल 2015 में उन्हें भारत के दूसरे बड़े नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था। 2002 से 2004 के बीच अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में उप प्रधानमंत्री और 1998 से 2004 के बीच भाजपा नीत एनडीए सरकार में गृहमंत्री रह चुके हैं।
_383939472_100x75.png)
_549138641_100x75.jpg)
_2138976664_100x75.jpg)
_1895531526_100x75.jpg)
_718422400_100x75.png)