img

लखनऊ। डॉक्टर पूजा शर्मा संवेदनाओं की कवियत्री हैं। उनकी कविताओं में गहरी अनुभूतियां हैं। इस संग्रह में संकलित कवितायें अत्यंत मार्मिक एवं हृदय को स्पर्श करने वाली हैं। कवियत्री पूजा शर्मा ने बेहद सरल एवं सहज शब्दों के माध्यम से हृदय की अनुभूतियों को व्यक्त किया है। विमोचित काव्य संग्रह की कवितायें पाठक एवं श्रोताओं को झकझोरती हैं तो उन्हें कुछ सोचने पर भी मजबूर करती हैं। पूजा शर्मा की कवितायें वैचारिक वादों और नारों से मुक्त हैं।

उक्त बातें शनिवार को अलीगंज स्थित कलास्रोत आर्ट गैलरी में डॉक्टर पूजा शर्मा के प्रथम काव्य संग्रह 'मेरा नन्हा गुड्डा' के विमोचन समारोह में वक्ताओं ने कही। काव्य संग्रह का विमोचन उत्तर प्रदेश के ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री अरविन्द कुमार शर्मा के कर कमलों द्वारा संपान हुआ। 
अपने उद्वोधन में अरविन्द कुमार शर्मा ने संग्रह को पठनीय एवं संग्रहणीय बताते हुए डॉक्टर पूजा को अनवरत रचनारत रहने के लिए प्रेरित किया।

विमोचन समारोह में लखनऊ विश्वविद्यालय के पूर्व वाइस चांसलर जीबी पटनायक, इतिहासकार रवि भट्ट, वरिष्ठ कवियत्री लता श्री, सेवानिवृत्त आईपीएस तहसीलदार सिंह ने भी विमोचित काव्य संग्रह पर अपने विचार रखे। सेवानिवृत्त आईएएस श्रीमती कुसुम शर्मा ने स्वागत उद्बोधन दिया।

डॉक्टर पूजा शर्मा ने संग्रह के विमोचन के पश्चात अपनी कई मर्मस्पर्शी कविताओं का पाठ किया। उल्लेखनीय है कि डॉक्टर पूजा शर्मा द्वारा लिखित पुस्तक डायनामिक्स ऑफ़ विहेवियर लखनऊ विश्वविद्यालय के स्नातक के पाठ्यक्रम में शामिल हैं। लेखन के साथ पूजा समाज सेवा के कार्यों में भी सक्रिय रहती हैं। पूजा की शिक्षा लखनऊ विश्वविद्यालय से हुई है। 

--Advertisement--