img

Up Kiran, Digital Desk: महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) एक बार फिर सुर्खियों में है। मराठी लोगों के अधिकारों की लड़ाई लड़ने वाली इस पार्टी ने एक हालिया वीडियो से बवाल खड़ा कर दिया है। वायरल वीडियो में पार्टी की एक महिला नेता ने एक अधेड़ उम्र की महिला को थप्पड़ मार दिया – और वह भी तब, जब वह माफ़ी मांग रही थी।

लोकल ट्रेन से शुरू हुआ मामला

यह पूरा मामला शुरू हुआ एक मामूली सी टक्कर से। मुंबई के पास के एक लोकल ट्रेन स्टेशन पर अर्जुन काटे नामक यात्री गलती से एक महिला से टकरा गया। अर्जुन ने तुरंत माफ़ी मांग ली। लेकिन महिला ने न सिर्फ गाली-गलौज की, बल्कि मराठी लोगों के खिलाफ अपमानजनक भाषा का प्रयोग भी किया – ऐसा मनसे का दावा है।

मनसे का एक्शन: माफ़ी नहीं, थप्पड़ मिला

अर्जुन की पत्नी स्वरा काटे खुद मनसे की पदाधिकारी हैं। जब उन्हें इस घटना का पता चला, तो उन्होंने और पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं ने उस महिला को ढूंढ निकाला। उसे मनसे के स्थानीय कार्यालय लाया गया, जहां उसके सामने तीन वरिष्ठ पार्टी नेता भी मौजूद थे।

महिला से कहा गया कि वह मराठी समाज के खिलाफ की गई टिप्पणी पर सार्वजनिक रूप से माफ़ी मांगे। महिला माफी मांग ही रही थी कि तभी स्वरा ने उसे एक जोरदार थप्पड़ जड़ दिया। इस पूरे वाकये का वीडियो पार्टी के ही नेता विनायक बिटला ने फेसबुक पर पोस्ट कर दिया।