img

राजस्थान विधानसभा इलेक्शन के लिए कांग्रेस ने अपने 21 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। अंतिम व 7वीं लिस्ट में मंत्री शांति धारीवाल टिकट लेने में सफल हो गए हैं। उन्हें कोटा उत्तर से मैदान में उतारा गया है। पूर्व सीएम वसुंधरा राजे के सामने कांग्रेस के नए चेहरे रामलाल चौहान को टिकट दिया गया है।

पिछली बार 2018 में कांग्रेस ने यहां से मानवेंद्र सिंह को टिकट दिया था। इसके साथ ही कांग्रेस ने 200 विधानसभा सीटों में से 99 सीटों पर उम्मदीवार घोषित कर दिए हैं। भरतपुर विधानसभा सीट रालोद से गठबंधन में छोड़ दी गई है।

याद दिला दें कि बीते वर्ष कांग्रेस विधायक दल की मीटिंग का बहिष्कार करने वाले मंत्री धारीवाल ने सीधे तौर पर ही कांग्रेस हाईकमान को चुनौती दे डाली थी। धारीवाल ने कहा था कि हमारे आलाकमान मुख्यमंत्री गहलोत हैं। इसके बाद ही राजनीतिक कुनबों में उनके टिकट कटने की चर्चाएं जोरों पर थी। पार्टी सूत्रों का कहना था कि शांति धारीवाल को आलाकमान की नाफरमानी महंगी पड़ सकती है।

खबरें तो यहां तक थी कि सोनिया और राहुल दोनों इनके नाम से नाराज थे। मगर अशोक गहलोत ने सोनिया गांधी को यह बताना चाहा था कि धारीवाल साफ छवि वाले पार्टी के बड़े नेता हैं।

--Advertisement--