img

Up Kiran, Digital Desk: पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग घटनाओं में शस्त्र और कारतूस बरामद किए हैं। इस दौरान एक अभियुक्त को पकड़ा गया है, जबकि दूसरा आरोपी फरार है। इस बारे में बक्सर के डीएसपी गौरव पाण्डेय ने सोमवार को प्रेस वार्ता में जानकारी दी।

डीएसपी पाण्डेय ने बताया कि पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि राजपुर थाना क्षेत्र के रसेन गांव के निवासी ईश्वर चंद्र सिंह उर्फ झगरू यादव ने अपने घर में अवैध शस्त्र छिपा रखे हैं। सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस प्रमुख, सदर के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल का गठन किया गया। टीम ने झगरू यादव के घर पर छापा मारा, जहां से एक एकनाली राइफल, एक देसी कट्टा और छह जिंदा कारतूस बरामद हुए। हालांकि छापे के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गया। बरामद हथियारों को जब्त कर राजपुर थाना में कांड संख्या 398/25 दर्ज किया गया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।

इसी दौरान पुलिस को दूसरी सूचना मिली कि राजपुर थाना क्षेत्र के रूपपोखर से बारूपुर जाने वाले रास्ते पर एक व्यक्ति हथियार लहराकर लोगों को डराने की कोशिश कर रहा है। सूचना मिलते ही टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन सशस्त्र बल की मदद से उसे पकड़ लिया गया। तलाशी में उसकी कमर से दो देसी कट्टे बरामद हुए, जिनमें से एक में एक जिंदा कारतूस था।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान बारूपुर निवासी चंदन राजभर के रूप में हुई। पूछताछ में उसने हथियार रखने और लोगों में भय फैलाने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार चंदन राजभर का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ पहले भी गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं। पुलिस ने कांड संख्या 397/25 के तहत उसे गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।