img

Up Kiran, Digital Desk: मध्य प्रदेश के रीवा जिले में एक ऐसा दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है कि सुनकर रोंगटे खड़े हो जाएंगे। सिर्फ छह महीने पहले धूमधाम से शादी करने वाला पति अपनी नई-नवेली दुल्हन को इसलिए मार डाला क्योंकि उसने मोबाइल पर पबजी खेलना बंद करने को कहा था।

गुढ़ थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 15 में रहने वाली 22 साल की नेहा पटेल का शव शुक्रवार को घर के अंदर मिला। कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था। जब पड़ोसी और रिश्तेदारों ने दरवाजा तोड़ा तो नेहा की लाश फर्श पर पड़ी थी। गले पर गमछे के निशान साफ दिख रहे थे।

पुलिस को शक हुआ तो नेहा के पति रंजीत पटेल को ढूंढा गया। लेकिन वह पहले ही फरार हो चुका था। हैरानी की बात ये कि रंजीत ने खुद अपने साढ़ू को मैसेज करके बताया था – “मैंने नेहा को मार दिया है।”

परिजनों ने जो खुलासा किया वो और भी डरावना है। नेहा की शादी 5 मई 2025 को रंजीत से बड़ी धूमधाम से हुई थी। लेकिन शादी के कुछ ही दिनों बाद रंजीत दिन-रात पबजी खेलने लगा। नौकरी नहीं करता था। घर का सारा खर्च नेहा के मायके से आता था। ऊपर से लगातार दहेज की मांग करता रहता।

नेहा जब भी उसे समझाती कि “गेम छोड़ो, कुछ काम धंधा करो, घर चलाना है” तो रंजीत आग बबूला हो जाता। आए दिन मारपीट होती। आखिरी बार भी यही हुआ। देर रात नेहा ने फिर वही बात दोहरा दी। बस फिर क्या था, रंजीत ने गमछा निकाला और नेहा का गला घोंट दिया। उस वक्त घर में सास-ससुर और अन्य रिश्तेदार दूसरे कमरे में सो रहे थे। किसी को कानोकान खबर नहीं हुई।

हत्या करने के बाद रंजीत ने कमरे को बाहर से ताला लगाया और भाग निकला। अभी तक पुलिस उसे पकड़ नहीं पाई है।

नेहा के मायके वालों का कहना है कि रंजीत और उसके परिवार वाले शुरू से दहेज के लिए तंग करते थे। कई बार पैसे मांगे गए जो दिए भी गए, फिर भी संतुष्ट नहीं हुए। अब बेटी को खो देने का गम और हत्यारे दामाद को सजा दिलाने की आस लिए वे पुलिस के पास चक्कर काट रहे हैं।

पुलिस ने हत्या और दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कर लिया है। रंजीत की तलाश तेज कर दी गई है। आसपास के इलाकों में दबिश दी जा रही है।