
Up kiran,Digital Desk : बहुजन समाज पार्टी (बसपा) 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों में पूरी ताकत झोंक चुकी है। इसी सिलसिले में पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने संगठनात्मक ढांचे में बड़ा बदलाव किया है। शुक्रवार को हुए फेरबदल में अलीगढ़ मंडल को लेकर खास निर्णय लिया गया।
अब तक जहां अलीगढ़ मंडल के लिए सिर्फ दो प्रभारी जिम्मेदारी निभा रहे थे, वहीं अब चार प्रमुख मंडल प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। इनमें कन्नौज से पूर्व एमएलसी नौशाद अली, आगरा के विक्रम सिंह जाटव, अलीगढ़ के अरविंद कुमार आदित्य और कासगंज के अनिल कुमार बघेल को यह अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही अर्जुन स्वामी और छत्रपति शिवाजी निमकर को मंडल प्रभारी बनाया गया है, जो विभिन्न जिलों में संगठन की गतिविधियों की निगरानी करेंगे।
जब संगठन में बदलाव की सूचना आई, उस समय जिलाध्यक्ष सुरेश गौतम रामघाट रोड स्थित अपने आवास पर जिला कार्यकारिणी की बैठक ले रहे थे। बैठक में विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति पर गंभीर चर्चा हो रही थी। सेक्टर और बूथ कमेटियों की समीक्षा चल रही थी।
इसी बीच आगरा से पहुंचे नौशाद अली ने अतरौली विधानसभा क्षेत्र के मदापुर गांव का दौरा कर वहीं बूथ कमेटियों के गठन का निर्देश दिया। सुरेश गौतम ने बताया कि उस समय तक मंडल प्रभारी बदलाव की जानकारी जाटव को नहीं थी, लेकिन बाद में उन्होंने खुद नए प्रभारियों के नाम साझा किए।
कार्यकर्ताओं ने नए पदाधिकारियों का जोरदार स्वागत किया, उन्हें माला पहनाकर सम्मानित किया गया। इसके बाद चुनिंदा पदाधिकारियों के साथ मदापुर गांव में एक बैठक आयोजित की गई, जहां बूथ स्तर पर कमेटी का गठन किया गया। इस बैठक में बसपा शासनकाल के विकास कार्यों, दलितों, पिछड़ों, युवाओं और किसानों के लिए पार्टी द्वारा किए जा रहे संघर्ष और आंदोलनों की जानकारी भी दी गई।
--Advertisement--