img

अलीगढ़ नगर निगम और जिला प्रशासन ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) के कथित कब्जे से अरबों रुपए मूल्य की सरकारी जमीन को मुक्त कराया। नगला पटवारी भमोला क्षेत्र में स्थित यह जमीन वर्षों से विवादों में थी, जिस पर अब प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण हटवा दिए और उस पर नगर निगम का स्वामित्व बोर्ड लगा दिया।

प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई शासन के निर्देश पर अतिक्रमण विरोधी अभियान के तहत की गई है। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि गाटा संख्या 92, 94, 95/1, 95/2, 96, 98 की करीब 41,050 वर्ग मीटर भूमि को कब्जा मुक्त कराया गया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 1.26 अरब रुपये से ज्यादा है।

प्रशासनिक दल ने संभाला मोर्चा

इस अभियान की अगुवाई सहायक नगर आयुक्त वीर सिंह और उपजिलाधिकारी (कोल) दिग्विजय सिंह ने की। प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में मौके पर बुलडोजर चलाया गया और अवैध निर्माणों को हटाया गया। नगर निगम के बोर्ड लगाकर यह स्पष्ट कर दिया गया कि भूमि पर अब किसी भी प्रकार का कब्जा गैरकानूनी माना जाएगा।

एएमयू पर लगे आरोप, विश्वविद्यालय की प्रतिक्रिया लंबित

नगर आयुक्त विनोद कुमार ने कहा, "हम स्पष्ट कर देना चाहते हैं कि सरकारी संपत्ति पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी ने नगर निगम की अन्य संपत्तियों पर भी कब्जा कर रखा है, जिसकी जांच की जा रही है और शीघ्र ही उन पर भी कार्रवाई होगी।"

फिलहाल, एएमयू प्रशासन की ओर से इस कार्रवाई पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। हालांकि, अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के पूर्व मामलों को देखते हुए यह मुद्दा संभावित रूप से कानूनी व राजनीतिक विवाद का रूप ले सकता है।

--Advertisement--