Up kiran,Digital Desk : अनिल कपूर की साल 2001 में आई फिल्म ‘नायक’ आज भी दर्शकों के बीच खास जगह रखती है। रिलीज के वक्त जहां यह एक पॉलिटिकल ड्रामा थी, वहीं समय के साथ यह फिल्म कल्ट क्लासिक बन गई। अब, करीब 25 साल बाद, इस फिल्म को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है।
अनिल कपूर ने खरीदे ‘नायक’ के राइट्स
बताया जा रहा है कि अनिल कपूर ने फिल्म ‘नायक’ के राइट्स खरीद लिए हैं। बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, ये राइट्स पहले प्रोड्यूसर दीपक मुकुट के पास थे। सूत्रों का कहना है कि अनिल कपूर इस फिल्म को अपने पास इसलिए रखना चाहते हैं क्योंकि यह उनके करियर की सबसे यादगार फिल्मों में से एक है।
इतना ही नहीं, यह भी चर्चा है कि अनिल कपूर ‘नायक’ का सीक्वल बनाने की योजना पर विचार कर रहे हैं। उन्हें लगता है कि आज के दौर में इस कहानी को नए नजरिए से आगे बढ़ाया जा सकता है। हालांकि, फिलहाल ‘नायक 2’ को लेकर कोई आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है।
‘नायक’ की कहानी और दमदार स्टार कास्ट
‘नायक’ एक आम आदमी की कहानी थी, जो अचानक एक दिन के लिए राज्य का मुख्यमंत्री बन जाता है और सिस्टम को आईना दिखाता है। यह कॉन्सेप्ट उस समय दर्शकों को बेहद नया और दमदार लगा था।
फिल्म में अनिल कपूर के साथ रानी मुखर्जी, अमरीश पुरी, परेश रावल, सौरभ शुक्ला, जॉनी लीवर, शिवाजी साटम और नीना कुलकर्णी जैसे कलाकार नजर आए थे। शंकर के निर्देशन में बनी यह फिल्म उनकी तमिल फिल्म ‘मुधलवन’ (1999) का हिंदी रीमेक थी।
फिल्म को लेकर क्या बोले थे अनिल कपूर?
साल 2021 में ‘नायक’ के 20 साल पूरे होने पर अनिल कपूर ने एक इंटरव्यू में बताया था कि इस फिल्म के लिए वह पहली पसंद नहीं थे। उनके मुताबिक, शाहरुख खान और आमिर खान के मना करने के बाद यह फिल्म उनके पास आई।
अनिल कपूर ने कहा था कि शूटिंग के दौरान उन्हें लगा था कि फिल्म कुछ अलग जरूर है, लेकिन उन्हें अंदाजा नहीं था कि यह इतने सालों तक लोगों के दिलों में जगह बनाए रखेगी।




