“प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश अब 'उत्तम प्रदेश' से 'उद्यम प्रदेश' बन चुका है। हम वैश्विक निवेशकों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।” श्री केशव प्रसाद मौर्य, उप मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि जर्मनी प्रवास के दौरान वैश्विक निवेशकों के साथ प्रमुख अंतरराष्ट्रीय कंपनियों Telefónica O2, Fujikura Ltd. तथा HENSOLDT के वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठकों की श्रृंखला आयोजित की।
उप मुख्यमंत्री ने जापान की बहुराष्ट्रीय कंपनी Fujikura Ltd. के वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ उन्नत सेंसर प्रौद्योगिकी, स्वायत्त प्लेटफॉर्म तथा स्मार्ट अवसंरचना से जुड़े विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया। बैठक में उत्तर प्रदेश में प्रोटोटाइपिंग एवं उन्नत विनिर्माण इकाई स्थापित करने की संभावनाओं, ऑटोमोटिव एवं ई-व्हीकल सेक्टर हेतु स्मार्ट सेंसर एवं इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम के निर्माण, स्मार्ट सिटी एवं डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं में सहभागिता तथा अनुसंधान एवं नवाचार आधारित सहयोग मॉडल पर गंभीर चर्चा हुई। कंपनी ने प्रदेश में अपनी प्रोटोटाइपिंग तथा मैन्युफैक्चरिंग गतिविधियों की स्थापना को लेकर गहरी रुचि व्यक्त की, जो उत्तर प्रदेश को उच्च-प्रौद्योगिकी विनिर्माण एवं नवाचार के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण संकेत है।




