img

most haunted places in rajasthan: उदयपुर को झीलों का शहर कहा जाता है। ये शहर अपनी राजसी हवेलियों, ऊंचे महलों और सुंदर बागों के लिए प्रसिद्ध है।  मगर इस ऐतिहासिक नगरी में कई स्थान ऐसे भी हैं, जो रहस्यमय घटनाओं और डरावनी कहानियों के कारण चर्चा में रहते हैं। इनमें से कुछ स्थानों को भूतिया तक माना जाता है।

गुलाब बाग- उदयपुर के सबसे बड़े और प्राचीन बागों में से एक गुलाब बाग अपनी हरियाली और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए जाना जाता है। ये उद्यान शहर के केंद्र से कुछ ही दूरी पर स्थित है और राजस्थान के ऐतिहासिक बागों में शामिल है।  मगर, कुछ लोगों के मुताबिक ये बाग एक भूतिया स्थान भी है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यहां रात के वक्त अजीबोगरीब घटनाएं और रहस्यमयी आवाजें सुनाई देती हैं। कई लोगों ने यहां परछाइयों को चलते हुए देखने और असामान्य गतिविधियों के अनुभव होने की बात कही है। हालांकि, इन घटनाओं का कोई ठोस प्रमाण नहीं मिला है,  मगर गुलाब बाग को लेकर रहस्यमय कहानियां आज भी लोगों के बीच प्रचलित हैं।

सज्जनगढ़ पैलेस (मानसून पैलेस)- उदयपुर की एक पहाड़ी पर स्थित सज्जनगढ़ पैलेस, जिसे मानसून पैलेस के नाम से भी जाना जाता है, ऐतिहासिक रूप से महत्वपूर्ण है। ये महल मेवाड़ के राजा महाराणा सज्जन सिंह द्वारा 1884 में बनवाया गया था, ताकि यहां से मानसून बादलों का नज़ारा देखा जा सके।

मगर ये महल रहस्यमय घटनाओं के कारण भी चर्चाओं में रहता है। स्थानीय लोगों के अनुसार, रात के समय यहां अजीब आवाजें सुनाई देती हैं और कुछ लोगों ने परछाइयों के मूवमेंट और असामान्य घटनाओं की बात कही है।

पर्यटक आमतौर पर दिन के समय इस महल की सुंदरता का लुत्फ उठाते हैं,  मगर रात में यहां जाने से डरते हैं। कुछ लोगों का मानना है कि यह किला रात के समय भूतिया ऊर्जा से भर जाता है और वहां अचानक ठंडक महसूस होती है। हालांकि, वैज्ञानिक दृष्टिकोण से देखा जाए तो इन घटनाओं के पीछे हवा, रोशनी के बदलाव और पर्यावरणीय कारण हो सकते हैं।

चांदनी गांव- उदयपुर के पास स्थित चांदनी गांव के बारे में कई डरावनी और रहस्यमयी कहानियां प्रचलित हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह गांव भूतिया है, और यहां रात के समय अजीब घटनाएं होती हैं।

सबसे अधिक चर्चा एक महिला की आत्मा को लेकर होती है, जो रात के समय गांव की गलियों में भटकती देखी गई है। कई लोगों ने दावा किया है कि रात में यहां अजीब सी चीखें सुनाई देती हैं और कुछ लोगों ने सड़क पर अचानक किसी छायादार आकृति को देखे जाने की बात कही है।

उदयपुर के बेदला रोड पर स्थित एक मंदिर से जुड़ी कई मान्यताएं प्रचलित हैं। कहा जाता है कि यहां देवी मां के दर्शन मात्र से भूत-प्रेत का साया उतर जाता है। मगर एक और कहानी यहां डर पैदा कर देती है। अगर कोई व्यक्ति मंदिर से लौटते समय पीछे मुड़कर देख ले, तो भूत उसके साथ चलने लगते हैं।

ये सुनकर भले ही लोग इसे अंधविश्वास मानें  मगर स्थानीय लोग इस मान्यता को सच मानते हैं और मंदिर से लौटते समय कोई भी पीछे देखने की गलती नहीं करता।