img

उत्तराखंड के जनपद चमोली के जोशीमठ में हो रहे भूस्खलन के बाद कर्णप्रयाग क्षेत्र के रहने वाले लोग भी कर्णप्रयाग के कई जगहों पर हो रहे जमीन धंसने को लेकर परेशान नजर आ रहे है। वहां के रहने वाले लोगों ने बुधवार को आला अफसरों के माध्यम से सीएम धामी को ज्ञापन भेजकर हल खोजने की मांग की है।

यहां के निवासियों का कहना हैकि बहुगुणा नगर, गांधी नगर, राजनगर सहित कर्णप्रयाग नगर के कई हिस्सों , आईटीआई, इड़ा अपर बाजार के बधानी में भूस्खलन व मिट्टी कटाव के कारण स्थिति गंभीर होती जा रही है. लोगों के घरों में दरारें भी आ रही हैं, जो लगातार बढ़ती ही जा रही हैं।

जानकारी के मुताबिक बहुगुणा नगर में एनएचआईडीसीएल और मंडी परिषद की तरफ से की गयी कटिंग इसका सबब है, राजनगर में भी एनएचआईडीसीएल की तरफ से की गयी कटिंग ही इसका कारण है। यह चौंकाने वाली बात है कि ऐसी गंभीर स्थिति के संदर्भ में पूर्व में भी शासन-प्रशासन को अवगत कराया जाता रहा, मगर खतरे से पीड़ित लोगों को इस संकट से उबारने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गयी। उन्होंने कहा कि हम सरकार से मांग करते हैं कि भूस्खलन और मिट्टी कटाव झेल रहे कर्णप्रयाग नगर के कई जगहों का तत्काल समयबद्ध भूगर्भीय सर्वेक्षण करवाया जाये।