img

Up kiran,Digital Desk : उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मंत्री अजय राय को फेसबुक के जरिए जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया है। मामले को गंभीर मानते हुए हुसैनगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है और साइबर सेल की मदद से आरोपी की पहचान की जा रही है।

कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रुद्र दमन सिंह बबलू ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मंगलवार को वे पार्टी पदाधिकारियों के साथ माल एवेन्यू स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में मौजूद थे। इसी दौरान फेसबुक पर मनीष शुक्ला नाम के एक व्यक्ति की पोस्ट सामने आई, जिसमें कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की तस्वीर के साथ धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल किया गया था। पोस्ट में आपत्तिजनक फोटो भी डाली गई थी।

कांग्रेस का आरोप: माहौल बिगाड़ने की कोशिश

जिलाध्यक्ष रुद्र दमन सिंह का कहना है कि इस पोस्ट से पार्टी कार्यकर्ताओं की भावनाएं आहत हुई हैं और जानबूझकर सामाजिक व राजनीतिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करेगी।

हुसैनगंज थाना प्रभारी शिवमंगल सिंह के अनुसार, मामले की जांच शुरू कर दी गई है और फेसबुक अकाउंट संचालक की पहचान के लिए साइबर सेल से सहयोग लिया जा रहा है।

भाजपा नेता पर भी आरोप, कांग्रेस ने जताया विरोध

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया है कि भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह के समर्थक मनीष शुक्ला ने न सिर्फ फेसबुक बल्कि अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की आपत्तिजनक और अपमानजनक तस्वीरें साझा की हैं। इसी को लेकर कांग्रेस नेताओं ने थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी और सख्त कार्रवाई की मांग की।

शब-ए-बारात पर दरगाह पहुंचे अजय राय

इस पूरे घटनाक्रम के बीच कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने शब-ए-बारात के मौके पर केजीएमयू परिसर स्थित दरगाह पर चादर चढ़ाई और प्रदेशवासियों के लिए अमन, शांति और भाईचारे की दुआ की। उन्होंने कहा कि शब-ए-बारात आत्मचिंतन और मानवता का संदेश देता है और ऐसे पर्व समाज में प्रेम व सौहार्द को मजबूत करते हैं।

उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस पार्टी हमेशा गंगा-जमुनी तहजीब, आपसी भाईचारे और सभी धर्मों के सम्मान की परंपरा के साथ खड़ी रही है।