
यूक्रेन के सुमी शहर में पाम संडे की शांति रविवार तड़के रूसी मिसाइल हमले की भयावहता से टूट गई। इस सुनियोजित हमले ने शहर के एक रिहायशी इलाके को मलबे में तब्दील कर दिया। इसमें 20 से ज्यादा नागरिकों की जान चली गई। सुमी के कार्यवाहक मेयर आर्टेम कोबजार इस हमले में बाल-बाल बचे। ये हमला ऐसे समय में हुआ, जब अमेरिका ऊर्जा ढांचे पर हमले रोकने के लिए रूस और यूक्रेन के बीच मध्यस्थता कर रहा था।
स्थानीय पत्रकारों और चश्मदीदों के अनुसार, हमला सवेरे हुआ। पहले ड्रोन से निगरानी की गई, फिर मिसाइलों ने नागरिक इलाकों को निशाना बनाया। एक स्कूल भी प्रभावित हुआ, मगर बच्चों की गैर मौजूदगी के कारण बड़ा नुकसान टल गया। एक महिला के पति इस हमले में मारे गए उन्होंने कहा कि हमने क्या गलत किया? हम सिर्फ जीना चाहते थे। ये हमला सुमी के लिए अब तक के सबसे क्रूर हमलों में से एक माना जा रहा है।
यूक्रेन की निंदा और आरोप
राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की के सलाहकार एंड्री यरमक ने हमले को “निहत्थे नागरिकों के खिलाफ साजिश” बताया। तो वहीं सुरक्षा अधिकारी एंड्री कोवालेंको ने इसे अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ की हालिया मॉस्को यात्रा से जोड़ा, जिसमें शांति वार्ता की कोशिश की गई थी। यूक्रेन का दावा है कि रूस ने इस हमले से मध्यस्थता को कमजोर करने और दबाव बढ़ाने की कोशिश की। राष्ट्रपति कार्यालय ने रूस पर अंतरराष्ट्रीय युद्ध कानून तोड़ने का आरोप लगाया।
आपको बता दें कि बीते कई महीनों से रूस ने यूक्रेन के शहरों और ऊर्जा ढांचे पर हमले तेज किए हैं। सर्दियों में पावर ग्रिड को निशाना बनाने के बाद अब नागरिक क्षेत्रों पर हमले युद्ध की विनाशकारी प्रकृति को दर्शाते हैं। यूक्रेनी अफसरों का कहना है कि रूस शांति की बजाय ताकत का जवाब देता है।