img

Up Kiran, Digital Desk: उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव समाप्त होते ही उत्तरी ठंडी हवाएं मैदानी क्षेत्रों में जोर पकड़ चुकी हैं। इसका प्रत्यक्ष प्रभाव राजस्थान के उत्तरी जिलों में देखा जा रहा है। सीकर में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम में दूसरी बार हुआ है। वहीं, अलवर जिले में भी जबरदस्त सर्दी पड़ रही है। दोनों जिलों में खेतों में बर्फ जमने के साथ सूखी घास और लकड़ियों पर ओस की परतें जमी दिखाई दीं।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने अगले दो दिन चूरू, झुंझुनूं, सीकर और नागौर जिलों में शीतलहर की चेतावनी दी है। केंद्र के अनुसार, राज्य में अगले एक सप्ताह मौसम शुष्क रहेगा और ठंडी हवाओं के कारण ठंड का असर लगातार बना रहेगा।

बुधवार को ठंडी हवाओं की वजह से प्रदेश के कई शहरों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से कम मापा गया। फतेहपुर (सीकर) में 2.6, नागौर में 3.4 और माउंट आबू में 4 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। वहीं, लूणकरणसर में 5.4, चूरू में 5.8, झुंझुनूं और पाली में 6.8, करौली में 6.9, पिलानी में 7.2 और अलवर में 8.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा।

दिन के तापमान में भी गिरावट देखी गई। राज्य के सभी शहरों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। सबसे ठंडा दिन सिरोही में रहा, जहां अधिकतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस मापा गया। जयपुर, अलवर, झुंझुनूं, चूरू, बीकानेर, कोटा, अजमेर समेत 16 शहरों में अधिकतम तापमान 25 डिग्री से कम रहा।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, अगले दो दिन ठंडी हवाओं का प्रभाव और बढ़ेगा, जिससे तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट हो सकती है। इसके बाद भी अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम सूखा और ठंडा रहने की संभावना है।