_894235180.png)
Up Kiran, Digital Desk: दिल्ली और उत्तर प्रदेश में 7 अक्टूबर को स्कूल और कॉलेज पूरी तरह बंद रहेंगे। इस दिन महर्षि वाल्मीकि जयंती के पावन अवसर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। शिक्षा निदेशालय (DoE) ने इसे अपने आधिकारिक वार्षिक कैलेंडर में पहले से ही शामिल किया है, जिससे यह सभी सरकारी स्कूलों के लिए मान्यता प्राप्त छुट्टी बन गई है।
दिल्ली सरकार ने इस फैसले की पुष्टि करते हुए बताया कि राज्य के सभी सरकारी दफ्तर भी 7 अक्टूबर को बंद रहेंगे। मुख्यमंत्री की ओर से जारी आधिकारिक बयान में यह साफ किया गया कि महर्षि वाल्मीकि जी के योगदान को सम्मान देने के लिए यह कदम उठाया गया है।
यूपी में भी रहेगा पब्लिक हॉलिडे, योगी सरकार का बड़ा ऐलान
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 7 अक्टूबर को राज्यव्यापी सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर को पूज्य महर्षि वाल्मीकि की पावन जयंती है। इस दिन को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है।
राज्यभर के मंदिरों में रामायण पाठ का आयोजन होगा। सरकारी के साथ-साथ निजी शिक्षण संस्थानों में भी छुट्टी रहेगी।
कौन थे महर्षि वाल्मीकि?
महर्षि वाल्मीकि को संस्कृत के पहले कवि यानी ‘आदिकवि’ के रूप में जाना जाता है। उन्होंने रामायण जैसे महान ग्रंथ की रचना की, जिसमें लगभग 24,000 श्लोक हैं। माना जाता है कि नारद मुनि की प्रेरणा और भगवान ब्रह्मा के आशीर्वाद से उन्होंने श्लोक विधा की शुरुआत की। उनका जीवन खुद एक प्रेरणा है—कैसे एक लुटेरा एक महर्षि में परिवर्तित हुआ।
वाल्मीकि जयंती पर पूरे देश में भक्ति कार्यक्रम, झांकियां और सत्संग का आयोजन होता है। इस दिन उनके जीवन और काव्य प्रतिभा को सम्मानपूर्वक याद किया जाता है।