
भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला ने अंतरिक्ष में 18 दिन बिताने के बाद 15 जुलाई 2025 को सफलतापूर्वक धरती पर वापसी की। वे SpaceX के Crew Dragon Grace कैप्सूल से वापस आए, जो अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) से अलग होकर प्रशांत महासागर में सुरक्षित स्प्लैशडाउन कर चुका है।
स्प्लैशडाउन के कुछ ही मिनट बाद कैप्सूल का गेट खोला गया और शुभांशु को सबसे पहले बाहर निकाला गया। उनकी पहली झलक कैमरे में कैद हो गई, जिसे देखकर पूरा देश गर्व और खुशी से भर गया। उन्होंने हाथ हिलाकर सभी का अभिवादन किया और हल्के मुस्कान के साथ संकेत दिया कि वे पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ हैं।
यह मिशन Axiom-4 के अंतर्गत था, जिसमें अन्य देशों के अंतरिक्ष यात्री भी शामिल थे। मिशन का उद्देश्य विज्ञान, स्वास्थ्य और अंतरिक्ष तकनीक से जुड़े प्रयोग करना था। शुभांशु ने कई अहम वैज्ञानिक प्रयोगों में भाग लिया, जिससे भविष्य में ISRO को गगनयान जैसे मिशनों में मदद मिलेगी।
शुभांशु की वापसी पर लखनऊ स्थित उनके घर में उत्सव का माहौल है। उनके परिवार ने मंदिर में पूजा-अर्चना की और शुभकामनाओं के लिए लोगों का आभार जताया। देशभर के लोगों ने सोशल मीडिया पर उन्हें बधाई दी।
अब शुभांशु को कुछ दिनों तक विशेष मेडिकल ऑब्जर्वेशन में रखा जाएगा ताकि उनका शरीर धरती की गुरुत्वाकर्षण के अनुसार ढल सके।
यह मिशन भारत के लिए गर्व की बात है और आने वाले समय में भारत की अंतरिक्ष यात्रा को नई ऊँचाइयों तक ले जाने में मददगार साबित होगा।
--Advertisement--