img

Up Kiran,Digital Desk : यूएसए के अधिकांश हिस्सों में इस सप्ताहांत बर्फीले तूफान ने भारी तबाही मचाई। करीब 10,000 उड़ानें रद्द कर दी गईं, जिससे यात्रियों को न सिर्फ लंबी देरी का सामना करना पड़ा, बल्कि कई को अपनी यात्रा रद्द भी करनी पड़ी। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस तूफान से देशभर में बर्फबारी और तेज हवाएं आने की संभावना है, जिससे यातायात, बिजली आपूर्ति और अन्य महत्वपूर्ण सेवाओं पर असर पड़ेगा। न्यू मैक्सिको से लेकर न्यू इंग्लैंड तक लगभग 14 करोड़ लोग इस शीतकालीन तूफान से प्रभावित हो सकते हैं।

कड़ाके की ठंड और बर्फबारी का खतरनाक असर

पूर्वी टेक्सास से लेकर उत्तरी कैरोलिना तक बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है। खासतौर से उत्तर-पूर्वी इलाकों में बर्फबारी का असर गंभीर हो सकता है। न्यू मैक्सिको से लेकर न्यू इंग्लैंड तक के क्षेत्र में भारी बर्फबारी और ठंड की स्थिति का अनुमान है। फोर्ट वर्थ स्थित राष्ट्रीय मौसम सेवा केंद्र ने बताया कि उत्तरी टेक्सास में शनिवार को रातभर बर्फबारी हुई।

मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार तक खतरनाक ठंडी हवाएं चलने की संभावना है और तापमान एक अंकों में गिर सकता है। कई इलाकों में ठंडक इतनी बढ़ सकती है कि तापमान शून्य से 24 डिग्री सेल्सियस नीचे महसूस हो सकता है। ओकलाहोमा में बर्फ और ओले गिरने के साथ-साथ मौसम लगातार खराब हो रहा है।

शीतलहर से जनजीवन प्रभावित

उड़ानें रद्द होने के अलावा, बर्फीले तूफान से सड़क परिवहन भी प्रभावित हुआ है। कई प्रमुख मार्गों पर बर्फ जमी हुई है, जिससे यातायात बाधित हो गया है। इस तूफान से निपटने के लिए अमेरिका के 12 राज्यों ने आपातकाल की स्थिति घोषित की है। टेक्सास के गवर्नर ग्रेग एबॉट ने लोगों से घर में ही रहने की अपील की है। वहीं, फ्लाइटअवेयर के मुताबिक, शनिवार को 3,800 से ज्यादा उड़ानें रद्द हुईं या देर से चलने लगीं। रविवार के लिए लगभग 7,000 उड़ानें रद्द की गई हैं।