img

डेस्क। विश्व के प्रख्यात उद्योगपति रतन टाटा का बुधवार रात निधन हो गया। आज अर्थात गुरुवार को उनके पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि के लिए नेशनल सेंटर फॉर परफॉर्मिंग आर्ट्स (एनसीपीए) मुंबई में रखा जाएगा। रतन टाटा के निधन के बाद भारत समेत पूरी दुनिया में शोक की लहर है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, नेता विपक्ष राहुल गांधी समेत सभी भारतीय नेताओं ने उनके निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। महाराष्ट्र और झारखंड आदि राज्य सरकारों ने उनके निधन पर एक दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है।

रतन टाटा के निधन से दुखी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिवंगत उद्योगपति के भाई नोएल से फोन पर बातकर उन्हें ढाढ़स बंधाया। सोशल मीडिया एक्स पर पीएम ने एक पोस्ट कर इस महान उद्योगपति को श्रद्धांजलि दी। बताते चलें कि पीएम मोदी आज ही दो दिन के दौरे पर लाओस की यात्रा पर निकल गए हैं। इसलिए भारत सरकार की ओर से गृह मंत्री अमित शाह रतन टाटा के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। आज ही उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि बतौर उद्योगपति रतन टाटा ने विश्व में अपनी एक पहचान बनाई थी। उन्हें कई बड़े पुरस्कार भी मिले थे। रतन टाटा के निधन पर भारत ही नहीं विश्व मीडिया में चर्चा है। अमेरिका, ब्रिटेन और पाकिस्तान समेत अनेक देशों की मीडिया में उनकी मौत की खबर प्रमुखता से छपी है। वैश्विक मीडिया ने रतन टाटा को एक ऐसे कारोबारी के तौर पर याद किया है, जिसने दुनियाभर में अपनी छाप गहरी छोड़ी। रतन टाटा जीवनभर अविवाहित ही रहे। शांत व्यवहार, संयमित जीवनशैली और सतत परोपकार उनका स्थाई भाव था।

रतन टाटा ने अपनी सादगी और संयम से देश-दुनिया में अलग पहचान बनाई थी। उन्हें अपने जीवन में कई सम्मान मिले थे। भारत सरकार ने वर्ष 2000 में रतन टाटा को पद्मभूषण सम्मान से नवाजा था। इसी तरह वर्ष 2008 में उन्हें पद्मविभूषण से सम्मानित किया गया। इसी तरह वर्ष  2023 में महाराष्ट्र सरकार ने उन्हें उद्योग रत्न सम्मान से नवाजा था। बताते चलें कि रतन टाटा को भारत रत्न से सम्मानित किए जाने की मांग लंबे समय की जा रही थी, लेकिन उन्हें देश का सेर्वोच्च नागरिक सम्मान नहीं मिला था। 
 

--Advertisement--