_1361643948.png)
इंडोनेशिया के साउथ सुलावेसी प्रांत से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक विशाल अजगर ने 36 साल की महिला सिरियाति को जिंदा निगल लिया। ये सनसनीखेज मामला हाल के दिनों में इस तरह की दूसरी घटना है, जिसने स्थानीय लोगों को डर और हैरानी में डाल दिया है। सिरियाति अपने बीमार बच्चे के लिए दवा लेने निकली थीं, मगर वापस नहीं लौटीं। उनके पति को घर से 500 मीटर दूर उनकी चप्पल और पैंट मिली और फिर पास ही एक फूले हुए पेट वाले अजगर ने इस त्रासदी की भयावह सच्चाई को उजागर किया।
अजगर के पेट से निकला शव
पुलिस के अनुसार, सिरियाति मंगलवार सुबह अपने बीमार बच्चे के लिए दवा लेने घर से निकली थीं। कई घंटों तक जब वह वापस नहीं लौटीं, तो उनके पति आदियानसा और परिजनों ने उनकी खोज शुरू की। आदियानसा को घर से करीब 500 मीटर दूर सिरियाति की चप्पल और पैंट जमीन पर पड़ी मिलीं।
कुछ ही दूरी पर आदियानसा की नजर एक असामान्य रूप से फूले हुए विशाल अजगर पर पड़ी। स्थानीय पुलिस प्रमुख इदुल ने बताया कि आदियानसा ने तुरंत गांववालों को बुलाया। जब अजगर के पेट को काटा गया, तो अंदर सिरियाति का शव साबुत अवस्था में बरामद हुआ।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
ये घटना साउथ सुलावेसी में अपनी तरह की पहली घटना नहीं है। बीते महीने भी एक महिला को रेटिकुलेटेड पायथन ने निगल लिया था। इसके अलावा, 2023 में एक किसान को 8 मीटर लंबे अजगर ने अपना शिकार बनाया था। 2022 में जांबी प्रांत में एक महिला का शव अजगर के पेट से बरामद हुआ था। 2018 में 54 वर्षीय महिला को 7 मीटर लंबे अजगर ने निगला और 2017 में एक किसान अकबर 4 मीटर लंबे अजगर का शिकार बना था।