img

Up Kiran, Digital Desk: मध्य प्रदेश के धार जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक बेहद संगीन मामला सामने आया है। यहां एक पति ने जुए में मोटी रकम हारने के बाद अपना कर्ज चुकाने के लिए अपनी ही पत्नी को दोस्त के हवाले कर दिया, जहां दोस्त ने महिला के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया। हैरान करने वाली बात यह है कि पति अपनी पत्नी को दो बार दिल्ली ले जाकर दोस्त के पास छोड़ चुका था। तीसरी बार जब उसने खुद दोस्त को घर बुला लिया, तब पीड़ित पत्नी ने हिम्मत जुटाकर अपने भाई को पूरी आपबीती बताई। इंदौर निवासी पीड़ित पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने महिला के पति और उसके दोस्त अभिमन्यु के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 498 ए, 366, 376 और 377 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

शारीरिक संबंध बनाने का दबाव और 50 हजार में 'खरीदने' का दावा

इंदौर महिला थाने में दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक, पीड़ित पत्नी ने बताया कि उसकी शादी 2016 में धार जिले के कानवन निवासी एक युवक से हुई थी। शुरुआत में सब कुछ सामान्य था, लेकिन बाद में उसके पति को जुए की लत लग गई और उस पर आठ लाख रुपये का कर्ज चढ़ गया। इस कर्ज को चुकाने के लिए उसने पहले तो पत्नी के जेवर गिरवी रख दिए। इसके बाद वह उस पर बाहरी लोगों से पैसे उधार लेने का दबाव बनाने लगा। इसी दौरान, पति अक्सर दिल्ली निवासी अपने बचपन के दोस्त अभिमन्यु से पैसे उधार लिया करता था। पत्नी का आरोप है कि इसी समय पति ने उस पर अभिमन्यु के साथ शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाना शुरू किया, ताकि कर्ज चुकाया जा सके।

जब महिला ने मना किया तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। एक दिन, पति उसे जबरन दिल्ली ले गया और अभिमन्यु के घर छोड़ दिया। दिल्ली में अभिमन्यु ने महिला के साथ जबरन संबंध बनाए और यह दावा किया कि उसने उसे उसके पति से 50 हजार रुपये में 'खरीदा' है। कुछ महीनों बाद यही घटनाक्रम फिर दोहराया गया। इसके बाद इंदौर में किराए के घर में रहने के दौरान भी पति ने कथित तौर पर पत्नी को दूसरे पुरुषों के साथ संबंध बनाने के लिए मजबूर किया। विरोध करने पर उसकी बेरहमी से पिटाई की गई और मानसिक रूप से प्रताड़ित भी किया गया।

तीसरी बार जबरन होटल ले जाने की कोशिश, फिर पहुंची थाने

पीड़िता ने जब तीसरी बार दिल्ली जाने से साफ इनकार कर दिया, तो आरोपी पति ने 22 मई, 2025 को फिर से अभिमन्यु को इंदौर बुला लिया। इसके बाद उसने अपनी पत्नी को एक होटल में जबरन ले जाने की कोशिश की। इस बार पत्नी ने अपने एक रिश्तेदार को पूरी घटना की जानकारी दी। रिश्तेदार के हस्तक्षेप से महिला किसी तरह बच निकली और सीधे महिला थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने बताया कि उसका पति उसे अन्य पुरुषों से भी संबंध बनाने के लिए लगातार दबाव डाल रहा था।

एएसपी गीतेश गर्ग ने बताया कि इंदौर के महिला थाने में इस मामले में जीरो एफआईआर दर्ज कर ली गई है।