img

गुजरात के पाटन जिले में गुरुवार को एक ऑटोरिक्शा और राज्य परिवहन बस के बीच गंभीर दुर्घटना हो गई। इस दुर्घटना में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। ये दुर्घटना सवेरे लगभग 11.30 बजे सामी-राधनपुर राजमार्ग पर सामी गांव के पास हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस ड्राइवर ने ओवरटेक करने के प्रयास में रिक्शा को टक्कर मार दी।

पाटन जिले के पुलिस अधीक्षक वी.के. नाई द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक आज सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे सामी-राधनपुर राजमार्ग पर सामी गांव के पास राज्य परिवहन की बस और ऑटोरिक्शा के बीच टक्कर हो गई। हादसा इतना भयानक था कि ऑटोरिक्शा चालक समेत छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस चालक ने एक अन्य वाहन को ओवरटेक करने के प्रयास में बस पर से नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण यह टक्कर हुई। इस दुर्घटना में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

हादसे की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और एम्बुलेंस घटनास्थल पर पहुंच गईं। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल ले जाया गया। सभी मृतक राधनपुर के वाडी कॉलोनी के बताए जा रहे हैं। दुर्घटना की सूचना मिलने पर राधनपुर विधायक एवं भाजपा नेता लविंगजी ठाकोर भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि ऑटो में सवार सभी छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।