_1969164940.png)
Up Kiran, Digital Desk: उत्तर प्रदेश में सरकारी महकमे एक बार फिर खलबलाई के दौर से गुजर रहे हैं। बीते एक हफ्ते के अंदर तीसरी बार बड़े स्तर पर अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है, जिससे साफ है कि योगी सरकार प्रशासनिक मशीनरी को तेज गति देने के प्रयास में जुटी है। लेकिन सवाल यह भी है कि इन तबादलों से आम जनता को क्या कोई राहत मिलेगी या फिर अफसरशाही के भीतर ही यह फेरबदल सीमित रह जाएगा?
सोमवार को जारी की गई नवीनतम सूची में 12 पीसीएस अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। यह फेरबदल खासतौर पर आगरा, कन्नौज, अमरोहा, इटावा और लखनऊ जैसे जिलों को प्रभावित करता है, जहां नई नियुक्तियों से प्रशासनिक संतुलन को फिर से साधने की कोशिश की जा रही है।
क्या बदलेगी तस्वीर? देखिए नई तैनातियों की फेहरिस्त
आगरा के अपर जिलाधिकारी (नगर) अनूप कुमार को लखनऊ के बाल विकास एवं पुष्टाहार निदेशालय में संयुक्त निदेशक के रूप में भेजा गया है। वहीं यमुनाधर चौहान, जो पहले लखनऊ में सहकारी चीनी मिल संघ के प्रधान प्रबंधक थे, अब आगरा में अपर जिलाधिकारी (नगर) की भूमिका निभाएंगे।
इसके अलावा अमरोहा के अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) बृजेश कुमार त्रिपाठी अब लखनऊ स्थित दिव्यांगजन सशक्तिकरण निदेशालय में संयुक्त निदेशक बनेंगे, वही मेरठ मंडल की अपर आयुक्त गरिमा सिंह को अमरोहा का नया एडीएम (वि.रा.) नियुक्त किया गया है।
कासगंज में भी बड़ा बदलाव देखने को मिला है। एडीएम राकेश कुमार पटेल को लखनऊ मंडल में अपर आयुक्त की जिम्मेदारी दी गई है, वही इटावा के नगर मजिस्ट्रेट दिग्विजय प्रताप सिंह अब कासगंज के एडीएम (वि.रा.) होंगे।
इटावा के एसडीएम राजेंद्र बहादुर को नगर मजिस्ट्रेट, रामपुर के एडीएम अंबरीश कुमार बिंद को मेरठ मंडल का नया अपर आयुक्त, और नगर मजिस्ट्रेट संदीप कुमार वर्मा को रामपुर का एडीएम बनाया गया है। इसी तरह यीडा (ग्रेटर नोएडा) में कार्यरत एसडीएम रेशमा सहाय अब लखनऊ में तैनात होंगी, वही रेणुका दीक्षित को इटावा का नया उपजिलाधिकारी बनाया गया है।
तबादलों की रफ्तार बनी चर्चा का विषय
गौरतलब है कि यह तबादला सूची बीते रविवार रात और सोमवार की सुबह के बीच सामने आई, जब प्रशासनिक हलकों में पहले से ही 66 पीसीएस अधिकारियों के स्थानांतरण की खबर गूंज रही थी। उन तबादलों में श्रद्धा पांडेय (सहायक नगर आयुक्त, आगरा), प्रदुम्न कुमार (एसडीएम, कानपुर देहात) और जय प्रकाश यादव (सहायक नगर आयुक्त, सहारनपुर) जैसी नियुक्तियां प्रमुख रहीं।
इतना ही नहीं, 22 जुलाई को भी योगी सरकार ने 9 वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी थीं। इनमें सूचना निदेशालय में अरविंद मिश्रा की एंट्री, अलका वर्मा को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं की बागडोर और गौरव रंजन श्रीवास्तव को लोक सेवा आयोग में उप सचिव जैसी अहम नियुक्तियां शामिल थीं।
--Advertisement--