img

Up Kiran, Digital Desk: ट्राइडेंट ग्रुप के संस्थापक और प्रमुख व्यवसायी राजिंदर गुप्ता ने पंजाब योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष और पटियाला स्थित श्री काली माता मंदिर की प्रबंध समिति के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। सूत्रों के अनुसार, सरकार ने उनका इस्तीफा स्वीकार भी कर लिया है। राजिंदर गुप्ता की गिनती न केवल एक बड़े उद्योगपति के रूप में होती थी बल्कि सरकार में एक प्रमुख हिंदू चेहरे के रूप में भी होती थी।

उनके अचानक इस्तीफे से राजनीतिक गलियारों में भी खूब चर्चा हो रही है। सूत्रों के अनुसार, राजिंदर गुप्ता आप के राज्यसभा उम्मीदवार हो सकते हैं। सूत्रों की मानें तो राजिंदर गुप्ता का नाम लगभग तय है, लेकिन अभी तक आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

आपको बता दें कि संजीव अरोड़ा के विधानसभा जाने के बाद राज्यसभा की सीट खाली हो गई है। उन्होंने अपने निर्वाचन के बाद राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। पंजाब में रिक्त राज्यसभा सीट के लिए उपचुनाव 24 अक्टूबर को होगा। चुनाव आयोग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है।

कौन हैं राजिंदर गुप्ता

राजिंदर गुप्ता राज्य के सबसे अमीर उद्योगपतियों में से एक हैं। ट्राइडेंट ग्रुप द्वारा निर्मित उत्पाद अब देश-विदेश में निर्यात किए जाते हैं। ट्राइडेंट समूह की इकाइयाँ लुधियाना, बरनाला और धौला में स्थित हैं। कंपनी का कॉर्पोरेट कार्यालय लुधियाना में है, वही बरनाला, धौला और बुदनी, भोपाल, मध्य प्रदेश में कंपनी के उत्पाद निर्माण केंद्र हैं। कंपनी की शाखाएँ चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के साथ-साथ विदेशों में भी हैं।

राजिंदर गुप्ता को इसी साल जून में पंजाब आर्थिक नीति और पंजाब योजना बोर्ड का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया था, उन्हें कैबिनेट रैंक दिया गया था।