
russia ukraine peace talks: यूक्रेन रूस विवाद को खत्म करने के मकसद से सऊदी अरब के जेद्दा में शुरू होने वाली शांति वार्ता पर अब सबकी निगाहें हैं। इस वार्ता में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो, रूसी अधिकारी और यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमीर जेलेंस्की पहले ही पहुंच चुके हैं। हालांकि, इससे ठीक पहले यूक्रेनी ड्रोन सेना ने रूस पर एक बड़ा हमला कर दिया है। इससे एक बार फिर संघर्ष की तीव्रता और शांति की संभावना पर सवाल उठ रहे हैं।
मंगलवार को यूक्रेन ने रूस के विभिन्न शहरों पर लगभग 70 ड्रोन दागे, जिसमें रूस की राजधानी मॉस्को और अन्य महत्वपूर्ण शहरों को निशाना बनाया गया। इस हमले का असर इतना भयानक था कि रूस में आग लगने और कई इमारतों के क्षतिग्रस्त होने की खबरें आईं। खासकर कोलोम्ना और डोमोडेडोवो जैसे शहरों में कई रिहायशी इमारतों को नुकसान हुआ है। ये हमला अब तक का सबसे बड़ा ड्रोन हमला माना जा रहा है और इसने यूक्रेन की शांति की मंशा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर जब शांति वार्ता की शुरुआत होने वाली थी।
रूसी अफसरों के मुताबिक, उन्होंने यूक्रेनी हमले के बाद कुल 69 ड्रोन को नष्ट कर दिया। हालांकि, इस हमले में किसी प्रकार के बड़े जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है, मगर कुछ इमारतों की छतें गिर गईं और मामूली क्षति पहुंची। मॉस्को के मेयर सरगई सोबियानिन ने बताया कि इस हमले के कारण सुरक्षा कारणों से दो प्रमुख हवाई अड्डों को बंद कर दिया गया इससे उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ।