![img](https://upkiran.org/wp-content/uploads/2025/02/CM Dhami_1395618716.jpg)
Uttarakhand News: CM पुष्कर सिंह धामी ने राजधानी दून में वनाग्नि नियंत्रण के लिए समुदाय केंद्रित मॉक ड्रिल का अवलोकन किया। इस दौरान अफसरों को जरूरी दिशा-निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि वनाग्नि की चुनौतियों से समाधान के लिए आगे की योजनाएं बनाई जाए।
राज्य के छह जिलों में मॉक ड्रिल आयोजित की जा रही हैं। CM धामी ने देहरादून के आईटी पार्क स्थित राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण में वनाग्नि नियंत्रण के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण व उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अफसरों को राज्य में वनाग्नि की चुनौतियों से समाधान के लिए पिछली घटनाओं में आई समस्याओं को ध्यान में रखते हुए आगे की योजनाएं बनाने के निर्देश दिए।
राज्य के सीएम ने कहा कि वनाग्नि पर नियंत्रण के लिए जन भागीदारी सुनिश्चित की जाए। सभी विभागों के साथ ही सामाजिक संगठनों, गैर सरकारी संगठनों, महिला मंगल दलों, युवक मंगल दलों और वन पंचायतों का भी वनाग्नि की घटनाओं को रोकने में सहयोग लिया जाए। वनों में आग लगाने वाले असमाजिक तत्वों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि वनाग्नि पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सभी विभागों को एकजुटता से कार्य करना होगा। उन्होंने अपर मुख्य सचिव आरके सुधांशु को निर्देश दिये कि वनाग्नि की घटनाओं को रोकने के लिए सभी विभागों की भागीदारी सुनिश्चत करने के लिए पत्र जारी किया जाए। उन्होंने वनाग्नि को रोकने के लिए शीतलाखेत मॉडल के साथ ही चाल-खाल, तलैया और अन्य प्रभावी उपायों पर कार्य किए जाएं। इसके लिए जलागम विभाग का भी सहयोग लिया जाए। आधुनिक तकनीक के प्रयोग पर ज्यादा जोर दिया गया।