img

सर्दी से हाल बेहाल है। उत्तर भारत में जहां देखो वहां कोहरा है, शीतलहर है। मगर अब इस सर्दी की दोहरी मार पड़ने वाली है। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले कई दिनों में बारिश के साथ ओले भी पड़ने के आसार हैं। पहाड़ से मैदान तक मौसम का हाल क्या है वो आपको बताते हैं।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, जमीन से 100 से डेढ़ 100 मीटर की ऊंचाई पर कोहरा होने से सूरज की किरण ठीक से धरती तक नहीं पहुंच पा रही है और यही वजह है कि कोल्ड डे की स्थिति निरंतर बनी हुई है। दिल्ली में अधिकतम पारा 15.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम पारा आठ डिग्री सेल्सियस जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। आज सवेरे मध्यम से घने स्तर का कोहरा देखने को मिला। वहीं दिन में आसमान साफ रहने का अनुमान लगाया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले सप्ताह में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इस वजह से सोमवार से बुधवार तक तीन दिन आकाश में बादल रह सकते हैं। कई जगह हल्की बारिश का भी अनुमान लगाया गया है। यूपी में रविवार और सोमवार को लखनऊ सहित 55 जनपदों में घना कोहरा छाये रहने का अनुमान लगाया गया था। इस दौरान रात को पारा 12 तो दिन में 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार हैं। शनिवार को लखनऊ और आसपास के जिलों में बूंदाबांदी हुई थी। 9 जनवरी को राजधानी का मौसम एक बार फिर बदलेगा और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। उत्तराखंड के मैदानी इलाकों से लेकर पहाड़ तक मौसम ठंडा बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आने वाले दो दिनों में उत्तराखंड का मौसम शुष्क बना रहेगा।

संडे से मैदानी जनपद हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में घने कोहरे से कुछ राहत मिलने के आसार हैं। सवेरे व शाम को कड़ाके की ठंड पड़ने का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो आने वाले चार दिनों में भी ठंड के कम होने की संभावना नहीं है। हिमाचल प्रदेश में शीतलहर चल रही है। दिन में धूप खिलने से कुछ राहत मिल रही है, मगर सूरज ढलते ही हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है। अभी दो दिन मंडी, कांगड़ा, ऊना, बिलासपुर, सोलन, सिरमौर जिला के कई क्षेत्रों में धुंध छाने का यलो अलर्ट जारी किया गया है।

 

 

 

--Advertisement--