Up kiran,Digital Desk : ‘बॉर्डर 2’, ‘जवान’ और ‘स्त्री’ जैसी फिल्मों के चर्चित डायलॉग राइटर सुमित अरोड़ा ने अपने करियर के एक मजेदार किस्से को साझा किया। उन्होंने बताया कि कैसे उनके घरवालों को यह विश्वास हो गया कि वे किसी अंडरवर्ल्ड गिरोह में शामिल हो गए हैं। सुमित ने 18 साल की उम्र में मुंबई आकर बालाजी टेलीफिल्म्स में ट्रेनी राइटर के तौर पर काम शुरू किया। उस समय उनके पास केवल 4000 रुपये थे, जो 10 दिनों में खत्म हो जाते थे।
कम उम्र में कमाई और घरवालों की हैरानी
सुमित ने बताया कि 20 साल की उम्र में ही वे लाखों रुपये कमाने लगे। इतनी कम उम्र में उनकी कमाई देखकर उनके पिता को शक हुआ कि वह मुंबई के किसी अंडरवर्ल्ड गिरोह में शामिल हो गए हैं। सुमित ने कहा, "मुझे अब हंसी आती है, लेकिन उस समय यह गंभीर बातचीत थी।"
फिल्मी सफलता और हिट डायलॉग्स
टीवी से शुरुआत करने के बाद 2015 में सुमित ने शॉर्ट फिल्म बनाई। इसके बाद उनकी मुलाकात ‘स्त्री’ के निर्देशक अमर कौशिक से हुई और उन्होंने फिल्म के डायलॉग लिखे, जो हिट रहे। इसके बाद ‘द फैमिली मैन’, ‘जवान’ और हाल ही में ‘बॉर्डर 2’ के डायलॉग भी सुमित ने लिखे। हालांकि सुमित के अनुसार ‘स्त्री’ उनकी पहली और फेवरिट फिल्म रही है।




