iPhone की ऐसी सनक! सास का मंगलसूत्र और हार बेचकर बहू ले आई महंगा फोन, मांगने पर दिया हैरान करने वाला जवाब!

iPhone की ऐसी सनक! सास का मंगलसूत्र और हार बेचकर बहू ले आई महंगा फोन, मांगने पर दिया हैरान करने वाला जवाब!

स्मार्टफोन की दीवानगी में अपराध की चौंकाने वाली घटनाएं अक्सर सामने आती हैं, मगर महाराष्ट्र की उप-राजधानी नागपुर से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सास-बहू के रिश्ते को शर्मसार कर दिया है। यहां एक महिला ने अपने महंगे iPhone का शौक पूरा करने के लिए किसी और के घर में नहीं, बल्कि अपनी ही सास की अलमारी पर हाथ साफ कर दिया। बहू ने सास के ढाई लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरात चुराकर बेच दिए और उन पैसों से नया आईफोन खरीद लिया। जब सच सामने आया और सास ने गहने वापस मांगे, तो बहू ने साफ मना कर दिया, जिसके बाद यह पारिवारिक कलह थाने तक पहुंच गई।

ये हैरान करने वाला मामला नागपुर के शांतिनगर थाना क्षेत्र का है। 52 वर्षीय पीड़िता 27 जुलाई 2026 को शिरडी दर्शन के लिए जाने की तैयारी कर रही थीं। यात्रा पर निकलने से पहले जब उन्होंने पहनने के लिए जेवरात निकालने के मकसद से अपनी अलमारी खोली, तो वहां से करीब 53 ग्राम सोने के गहने नदारद मिले। गायब हुए आभूषणों में 30 ग्राम का सोने का मंगलसूत्र, 13 ग्राम का सोने का हार और 10 ग्राम के अन्य सोने के जेवर शामिल थे, जिनकी कुल बाजार कीमत करीब 2 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई।

शुरुआत में पीड़िता ने घर के अन्य सदस्यों से पूछताछ की, मगर किसी को भी गहनों के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। इसके बाद उनका शक अपनी बहू ग्रंथाली आकाश वर्मा पर गहराया, जिसके साथ पहले से ही पारिवारिक विवाद चल रहे थे और वह अक्सर मायके और ससुराल के बीच आती-जाती रहती थी। जब सास ने कड़ाई से पूछताछ की, तो बहू ने जेवर चोरी करने की बात कबूल कर ली। उसने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि उसने सोने के सारे जेवरात बेच दिए हैं और उन पैसों से अपनी पसंद का iPhone खरीद लिया है। जब सास ने गहने लौटाने का दबाव बनाया, तो बहू ने दो टूक इनकार कर दिया।

बहू के अड़ियल रवैये के बाद पीड़िता ने सीधे शांतिनगर पुलिस थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस इंस्पेक्टर विजय कामटे के मुताबिक, पीड़िता की तहरीर पर आरोपी बहू ग्रंथाली के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है कि गहने किस सर्राफा व्यापारी को बेचे गए, मोबाइल फोन किस दुकान से खरीदा गया और जेवर बेचकर मिले बाकी पैसों को महिला ने कहां खर्च किया है।