बाल धोते समय कहीं आप भी तो नहीं कर रहे ये 4 गलतियां, डर्मेटोलॉजिस्ट से जानें सही तरीका
मजबूत और चमकदार बालों की चाहत में हम महंगे से महंगा शैम्पू खरीद लाते हैं, लेकिन अगर बाल धोने का तरीका ही गलत हो तो कोई भी प्रोडक्ट असर नहीं दिखाता। प्रसिद्ध त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. आंचल पंथ के अनुसार, लोग शैम्पू लगाते समय अनजाने में ऐसी गलतियां कर बैठते हैं जिससे बाल कमजोर होकर टूटने लगते हैं और स्कैल्प बेजान हो जाती है। बालों की लंबाई को ज्यादा रगड़ना, खौलते पानी का इस्तेमाल करना या ठीक से झाग न बनाना बालों की सेहत बिगाड़ सकता है।
अधूरे भीगे बालों पर शैम्पू लगाने की भूल
ज्यादातर लोग बालों पर हल्का सा पानी डालते ही शैम्पू रगड़ना शुरू कर देते हैं, जो कि सबसे बड़ी गलती है। शैम्पू का इस्तेमाल तभी करना चाहिए जब बाल सिर से लेकर सिरे तक पूरी तरह भीग चुके हों और उनसे पानी टपक रहा हो। अच्छी तरह गीले बालों पर शैम्पू लगाने से कम मात्रा में ही भरपूर झाग बन जाता है। इससे बालों को जोर से रगड़ने की जरूरत नहीं पड़ती और बाल टूटने से बच जाते हैं।
लगाते ही तुरंत पानी से सिर धो लेना
स्कैल्प पर जमा जिद्दी तेल और गंदगी को साफ करने के लिए शैम्पू के एक्टिव तत्वों को कुछ वक्त चाहिए होता है। शैम्पू लगाते ही तुरंत सिर धो लेने से सफाई अधूरी रह जाती है। बेहतर नतीजों के लिए शैम्पू को सिर की त्वचा पर कम से कम 3 से 5 मिनट तक लगा रहने दें। इससे स्कैल्प की गहराई से सफाई होती है और तेल पूरी तरह हट जाता है।
सिर्फ सिर के ऊपरी हिस्से पर ध्यान देना
लोग अक्सर शैम्पू को सिर्फ सिर के ऊपरी हिस्से पर रगड़ते हैं और पीछे की गर्दन वाले हिस्से को नजरअंदाज कर देते हैं। हकीकत यह है कि डैंड्रफ, फंगस और गंदगी अक्सर सिर के पिछले हिस्से में ज्यादा जमती है। शैम्पू को उंगलियों के पोरों से पूरे सिर पर एक समान फैलाना चाहिए ताकि कोई भी कोना छूटे नहीं।
सिर्फ मेडिकेटेड शैम्पू पर निर्भर रहना
अगर आप डैंड्रफ, सोरायसिस या सेबोरिक डर्मेटाइटिस के लिए डॉक्टर का सुझाया मेडिकेटेड शैम्पू इस्तेमाल कर रहे हैं, तो उसके बाद रेगुलर शैम्पू का इस्तेमाल भी जरूरी है। मेडिकेटेड शैम्पू स्कैल्प का इलाज करने के लिए बने होते हैं, बालों को मुलायम बनाने के लिए नहीं। लगातार इनके इस्तेमाल से बाल कड़े और बेजान हो सकते हैं। इसलिए पहले मेडिकेटेड शैम्पू से स्कैल्प साफ करें और फिर बालों की बनावट व चमक बनाए रखने के लिए माइल्ड रेगुलर शैम्पू और कंडीशनर लगाएं।