पेट निकल रहा है तो सावधान! लिवर की इस बीमारी का संकेत हो सकता है बढ़ती कमर

पेट निकल रहा है तो सावधान! लिवर की इस बीमारी का संकेत हो सकता है बढ़ती कमर

खराब लाइफस्टाइल के कारण फैटी लिवर की बीमारी तेजी से बढ़ रही है। पुणे के इनामदार अस्पताल की डॉ. शालिनी सालुंखे से जानिए वो 4 आसान तरीके जिनसे आप घर बैठे बिना किसी टेस्ट के फैटी लिवर (Fatty Liver) के शुरुआती लक्षणों की पहचान कर सकते हैं।

कमर का बढ़ता साइज दे रहा है अलर्ट

अक्सर हम कमर के बढ़ते साइज को सिर्फ मोटापे से जोड़कर देखते हैं, मगर यह लिवर की खराबी का सबसे बड़ा अलर्ट है। डॉ. शालिनी के मुताबिक, आप घर पर एक साधारण इंच टेप से अपनी कमर नापकर खतरे को भांप सकते हैं। यदि किसी पुरुष की कमर का साइज 40 इंच या उससे ज्यादा हो गया है और महिलाओं की कमर 35 इंच को पार कर गई है, तो यह स्पष्ट इशारा है कि आपके लिवर पर खतरनाक फैट जमा हो चुका है।

खाली पेट शुगर का बढ़ना, मगर खाने के बाद नॉर्मल रहना

कई बार लोग जब अपना ब्लड शुगर चेक करते हैं, तो सुबह खाली पेट (फास्टिंग) शुगर का स्तर बढ़ा हुआ आता है, मगर खाना खाने के बाद की रिपोर्ट एकदम नॉर्मल रहती है। ज्यादातर लोग इसे मामूली बात समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। मेडिकल साइंस और एआई हेल्थ रिसर्च के अनुसार, यह पैटर्न डायबिटीज से ज्यादा फैटी लिवर का शुरुआती और सबसे मजबूत संकेत हो सकता है।

वजन नहीं बढ़ रहा, मगर पेट के आसपास जम रही है चर्बी

यदि आपका कुल वजन ज्यादा नहीं बढ़ रहा है, शरीर के बाकी हिस्से पतले हैं, मगर सिर्फ पेट के आसपास के हिस्से में चर्बी लटकने लगी है, तो आपको तुरंत सतर्क हो जाना चाहिए। डॉक्टर बताती हैं कि ऐसा तब होता है जब शरीर इंसुलिन हार्मोन का सही तरीके से इस्तेमाल नहीं कर पाता (इंसुलिन रेजिस्टेंस)। इस स्थिति में शरीर सारी अतिरिक्त चर्बी को सीधे पेट और लिवर के आसपास जमा करने लगता है।

गर्दन की मोटाई भी खोलती है लिवर का राज

क्या आपने कभी सोचा था कि आपकी गर्दन की मोटाई आपके लिवर का हाल बता सकती है? जी हां, यह फैटी लिवर को पहचानने का एक बेहद आधुनिक और सटीक तरीका है। अपने इंच टेप से अपनी गर्दन का घेरा नापें। यदि पुरुषों की गर्दन का साइज 14 इंच से ज्यादा और महिलाओं की गर्दन 13 इंच से ज्यादा मोटी हो रही है, तो आपको बिना देरी किए अपने डॉक्टर से लिवर की जांच के लिए संपर्क करना चाहिए।