थके हुए दिमाग को तुरंत 'रीचार्ज' कैसे करें, मशहूर न्यूरोसर्जन की ये 5 ट्रिक्स बदल देंगी आपकी जिंदगी
आज की तेज रफ्तार जिंदगी में लोग सिर्फ शरीर से ही नहीं बल्कि मानसिक रूप से भी थकने लगे हैं। ऑफिस का दबाव, लगातार मोबाइल का इस्तेमाल और कई जिम्मेदारियों के बीच दिमाग को आराम मिलने का मौका नहीं मिल पाता।
इसका असर फोकस, काम की गुणवत्ता और फैसले लेने की क्षमता पर पड़ सकता है। ऐसे में न्यूरोसर्जन डॉ. जय जगन्नाथन ने कुछ आसान उपाय बताए हैं जो दिनभर की मानसिक थकान कम करने और दिमाग को फिर से सक्रिय महसूस कराने में मदद कर सकते हैं।
1. घर पहुंचते ही मोबाइल से दूरी बनाएं
काम खत्म होने के बाद कई लोग आराम करने की बजाय सोशल मीडिया देखने लगते हैं। लगातार रील्स देखना या नोटिफिकेशन चेक करना दिमाग को और व्यस्त बना सकता है। इसलिए घर लौटने के बाद कुछ समय के लिए फोन से दूरी रखना बेहतर माना जाता है ताकि दिमाग को आराम मिल सके।
2. बिना किसी स्क्रीन के कुछ देर टहलें
मानसिक तनाव कम करने के लिए 10 से 20 मिनट की शांत वॉक फायदेमंद हो सकती है। इस दौरान फोन पर बात न करें और न ही कोई पॉडकास्ट या वीडियो सुनें। इससे दिमाग को ध्यान दोबारा केंद्रित करने का समय मिलता है।
3. अपनी जगह बदलें
अगर लंबे समय तक एक ही जगह पर बैठे रहते हैं तो दिमाग काम से जुड़ा रहता है। ऐसे में किसी दूसरे कमरे में जाना या थोड़ी देर बाहर खुली हवा में समय बिताना मानसिक आराम देने में मदद कर सकता है।
4. आसान घरेलू काम करें
खाना बनाना, नहाना या कपड़े तह करना जैसे सामान्य काम दिमाग पर ज्यादा दबाव नहीं डालते। ऐसे काम करने से मन को एक सरल दिनचर्या मिलती है और मानसिक तनाव कम महसूस हो सकता है।
5. अधूरे कामों की सूची तैयार करें
विशेषज्ञों के अनुसार अधूरे काम अक्सर दिमाग में चलते रहते हैं। इससे बार-बार वही बातें याद आती हैं। अगर इन कामों को कागज पर लिख लिया जाए तो दिमाग पर उनका बोझ कुछ हद तक कम हो सकता है और मन अधिक शांत महसूस करता है।