ट्रेन में चोरी हो गया सामान या छूट गया बैग; घबराएं नहीं, बस कर लें ये एक छोटा सा काम और मिल जाएगा सब कुछ वापस
भारतीय रेलवे से सफर करना जितना सुविधाजनक माना जाता है, कई बार यह कुछ अनचाहे अनुभवों की वजह से परेशानी भरा भी बन सकता है। सफर के दौरान यात्रियों के सामान चोरी होने या ट्रेन में ही छूट जाने की घटनाएं अक्सर सामने आती रहती हैं।
कई बार जानकारी के अभाव में यात्री घबरा जाते हैं और रेलवे अधिकारियों के चक्कर काटते-काटते थक जाते हैं। लेकिन अगर आप सही समय पर सही कदम उठाएं, तो रेलवे की डिजिटल सेवाओं और सुरक्षा बलों की मदद से आपका खोया हुआ सामान वापस मिल सकता है।
ट्रेन में चोरी या सामान छूटने पर सबसे पहले क्या करें?
-
तुरंत स्टाफ को सूचना दें: ट्रेन के चलते समय ही घटना की जानकारी तुरंत TTE यानी ट्रैवलिंग टिकट एग्जामिनर, कोच अटेंडेंट या ट्रेन गार्ड को दें।
-
FIR फॉर्म भरें: ड्यूटी पर तैनात RPF यानी रेलवे सुरक्षा बल या GRP यानी सरकारी रेलवे पुलिस की पेट्रोल टीम से संपर्क करके FIR फॉर्म लें, उसे सावधानी से भरकर जमा करें।
-
स्टेशन मास्टर से संपर्क करें: यदि आप सफर के दौरान अपनी मंजिल पर उतर चुके हैं, तो बिना देर किए तुरंत स्टेशन मास्टर के केबिन में जाएं। स्टेशन मास्टर अगले स्टेशन पर वायरलेस या अन्य माध्यमों से संदेश भेजकर यह सुनिश्चित कर सकते हैं कि आपका सामान ट्रेन से सुरक्षित उतार लिया जाए।
-
लिखित शिकायत दर्ज कराएं: अगर आप ट्रेन से उतर चुके हैं और घटना की सूचना तुरंत नहीं दे पाए, तो अपने नज़दीकी रेलवे स्टेशन पर स्थित GRP पुलिस स्टेशन जाकर लिखित शिकायत दर्ज करवाएं।
रेलवे की डिजिटल और हेल्पलाइन सेवाओं का लें सहारा
-
139 हेल्पलाइन नंबर: आप अपने मोबाइल फोन से भारतीय रेलवे के ऑल-इन-वन हेल्पलाइन नंबर 139 पर तुरंत कॉल कर सकते हैं। कॉल कनेक्ट होने पर ऑपरेटर को अपना PNR नंबर, ट्रेन नंबर, कोच और सीट की पूरी जानकारी दें।
-
RailMadad ऐप का उपयोग: आप चाहें तो अपने स्मार्टफोन पर Google Play Store या Apple App Store से 'RailMadad' ऐप डाउनलोड कर सकते हैं। ऐप के 'Grievance' यानी शिकायत सेक्शन में जाकर अपना PNR दर्ज करें और अपने खोए या चोरी हुए सामान की ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं।
-
मिशन अमानत पोर्टल: रेलवे सुरक्षा बल द्वारा ट्रेन में छूटे या लावारिस मिले सामान की तस्वीरें 'मिशन अमानत' पोर्टल पर अपलोड की जाती हैं। यह पोर्टल अलग-अलग रेलवे जोन की आधिकारिक वेबसाइटों पर उपलब्ध है। आप वहां जाकर सामान की तस्वीरें देखकर अपने सामान की पहचान कर सकते हैं।