न फटेगी और न होगी सख्त! जानें घर में एकदम पतली और मुलायम रुमाली रोटी बनाने का परफेक्ट तरीका
शादी-ब्याह या दावतों में मिलने वाली रुमाली रोटी हर किसी को खूब भाती है और किसी भी सब्जी या ग्रेवी के साथ इसका स्वाद लाजवाब लगता है। हालांकि, घर पर इसे बनाने से लोग अक्सर हिचकिचाते हैं क्योंकि कई बार यह काफी झंझट भरा लगता है या फिर रोटी कड़क बनकर पापड़ जैसी हो जाती है। मगर सही तरीके से बनाया जाए तो रेस्टोरेंट जैसी मुलायम और पतली रुमाली रोटी घर पर भी आसानी से तैयार की जा सकती है।
रूमाल की तरह पतली और आसानी से फोल्ड हो जाने के कारण ही इसे रुमाली रोटी कहा जाता है। इसके लिए 1.5 कप मैदा, आधा छोटा चम्मच नमक, 1 बड़ा चम्मच तेल या पिघला घी, जरूरत के अनुसार दूध या गुनगुना पानी और बेलने के लिए थोड़ा सूखा मैदा चाहिए।
मुलायम और लचीला आटा तैयार करने के लिए एक बड़े बर्तन में मैदा और नमक मिलाएं और उसमें तेल या घी डालकर अच्छी तरह मसलें। थोड़ा-थोड़ा गुनगुना पानी या हल्का गर्म दूध डालते हुए सामान्य रोटी के मुकाबले थोड़ा नरम आटा गूंथ लें। आटे को कम से कम 5 से 7 मिनट तक अच्छी तरह मसलने से ग्लूटेन बनता है, जिससे बेलते या खींचते समय रोटी फटती नहीं है। इसके बाद आटे पर हल्का तेल लगाकर गीले कपड़े या ढक्कन से ढक दें और 20 से 30 मिनट के लिए सेट होने रख दें। तय समय बाद आटे को हल्का मसलकर सामान्य रोटी से थोड़ी बड़ी लोइयां तोड़ लें और उन्हें गोल व चिकना बना लें।
चकले पर थोड़ा सूखा मैदा डालकर लोई को जितना हो सके उतना पतला बेलें और जब बेलन से और पतला करना संभव न रहे तो हाथों के पिछले हिस्से या उंगलियों के बीच रखकर धीरे-धीरे खींचते हुए बड़ा करें। ध्यान रखें कि इसे खींचते वक्त यह फटे नहीं। इस बीच भारी तले की कड़ाही या बड़े तवे को गैस पर उल्टा रखकर तेज आंच पर गर्म करें और उस पर हल्का सा नमक व पानी छिड़ककर कपड़े से पोंछ लें ताकि रोटी चिपके नहीं।
अब फैली हुई पतली रोटी को संभालते हुए उल्टी गर्म कड़ाही पर डालें, 20 से 30 सेकंड में ऊपर से रंग बदलते ही पलटे या चिमटे से पलट दें और दूसरी ओर 15 से 20 सेकंड पकाएं। ज्यादा देर पकाने से रोटी सख्त हो सकती है, इसलिए उतारते ही तुरंत तिकोना या रुमाल की तरह मोड़कर सूती कपड़े या कैसरोल में रखें।