ताबड़तोड़ गोलियों से दहला तरनतारन: आप सरपंच के पति पर जानलेवा हमला, जागरण में युवक की हत्या से मचा कोहराम!
पंजाब के तरनतारन जिले में फायरिंग की अलग-अलग घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खडूर साहिब हलके के डालेके गांव में आम आदमी पार्टी (AAP) की मौजूदा सरपंच के पति को रास्ते में रोककर गोली मार दी गई। गोली लगने से घायल हुए व्यक्ति को पुलिस ने उपचार के लिए तरनतारन के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया है। पीड़ित सरपंच ने आरोप लगाया कि गांव में नशा तस्करी का विरोध करने की रंजिश के चलते हमलावरों ने पहले उनकी बाइक को टक्कर मारी और फिर ताबड़तोड़ फायरिंग की। उन्होंने यह भी शिकायत की कि पुलिस के देरी से पहुंचने के कारण हमलावर मौके से भाग निकलने में सफल रहे।
इसी बीच तरनतारन में ही महाराजा रणजीत सिंह स्कूल के पास जागरण की तैयारियों के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो बाइकों पर सवार पांच हमलावरों ने अंधाधुंध गोलियां चला दीं, जिसमें चार लोग घायल हो गए और सुखराज बोरी की अस्पताल ले जाते वक्त मौत हो गई। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है, जबकि पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से गोलियों के खोल बरामद कर जांच तेज कर दी है।
सुखराज बोरी की मौत के बाद परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव के साथ धरना दिया, जिसे पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद शाम को समाप्त किया गया। इस मामले में सामने आई लापरवाही को लेकर थाना सिटी तरनतारन के एसएचओ इंस्पेक्टर परमजीत सिंह को पुलिस लाइन भेज दिया गया है। एसपी मुख्यालय सुखनिंदर सिंह ने बताया कि परिजनों के बयान व आरोपों के आधार पर तफ्तीश की जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।